पुडुचेरी के स्कूलों में अब 'मछली' का जायका, मिड-डे मील से बच्चों को मिलेगा पोषण
पुडुचेरी ने यानम से शुरुआत करते हुए अपने कुछ तटीय सरकारी स्कूलों के मिड-डे मील में मछली के व्यंजन शामिल करने की योजना बनाई है। इसमें फिश फिंगर्स और फिश बॉल्स जैसे पकवान परोसे जाएंगे। इस पहल के पीछे का मकसद यह है कि बच्चों को स्कूल में पौष्टिक खाना मिल सके और साथ ही स्थानीय मछुआरों को भी सहारा मिल जाए। इस काम में मरीन प्रोडक्ट्स एक्सपोर्ट डेवलपमेंट अथॉरिटी (MPEDA) मदद करेगी।
MPEDA मिड-डे मील कर्मचारियों को प्रशिक्षण देगी
जो महिलाएं इन सरकारी स्कूलों में दूध उबालने और अंडे बनाने का काम करती हैं, MPEDA उन्हें नए मछली के व्यंजन बनाने के लिए प्रशिक्षित करेगी। MPEDA के अध्यक्ष पी जवाहर ने बताया, "स्कूल शिक्षा विभाग इस प्रस्ताव पर क्षेत्र की स्कूल प्रबंधन समितियों के साथ चर्चा करने के बाद इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाएगा।" अगर सब ठीक रहा और यह योजना सफल होती है, तो इससे छात्रों को स्वादिष्ट और पौष्टिक खाना मिलेगा और स्थानीय मछुआरे परिवारों की कमाई भी बढ़ जाएगी।