जोमैटो के 'हिंदी सीखो' फरमान पर भड़का कर्नाटक, सुपरवाइजर की माफी भी काम न आई
बेंगलुरु में जोमैटो का एक वेयरहाउस इन दिनों सुर्खियों में है। दरअसल, यहां के सुपरवाइजर अशोक मुत्तय पर आरोप लगा है कि उन्होंने अपने कर्मचारियों से कहा कि या तो हिंदी सीखो या फिर नौकरी छोड़ दो।
यह पूरी घटना एक वीडियो में कैद हो गई थी, जिसे बाद में इंटरनेट पर खूब साझा किया गया। जब मुत्तय ने अपनी टीम के सदस्यों से कन्नड़ में बात करने से इनकार कर दिया, तब कन्नड़ कार्यकर्ताओं ने वेयरहाउस पर प्रदर्शन किया और उन्हें पद से हटाने की मांग करते हुए पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई।
अशोक मुत्तय ने मांगी माफी, विरोध प्रदर्शन जारी
अशोक मुत्तय ने बाद में कन्नड़ भाषा में एक वीडियो जारी कर माफी मांगी। उन्होंने अपनी टिप्पणी पर खेद जताते हुए कहा कि वे ऐसी गलती दोबारा नहीं करेंगे। हालांकि, इसके बावजूद विरोध प्रदर्शन थमा नहीं। कार्यकर्ता मुत्तय को वेयरहाउस से हटाने के साथ-साथ उनके खिलाफ और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे।