कश्मीर में यौन उत्पीड़न के आरोपों पर भारी बवाल, विरोध-प्रदर्शन के बाद स्कूल बंद
उत्तरी कश्मीर के सोपोर में लड़कियों के हायर सेकेंडरी स्कूल के एक लेक्चरर पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगे हैं, जिसके बाद छात्रों ने बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किया और झडपें भी हुईं। आरोपी लेक्चरर को सस्पेंड कर दिया गया है और उनका दूसरे स्कूल में ट्रांसफर कर दिया गया है। वहीं, अशांति के दौरान तोड़फोड़ करने वाले आठ लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने बताया कि मामले में निष्पक्ष जांच जारी है, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
सुरक्षा के लिए सोपोर के स्कूलों में कक्षाएं सस्पेंड
और कोई अप्रिय घटना न हो, इसके लिए सोपोर के गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल, बॉयज़ हायर सेकेंडरी स्कूल और गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज में 15 से 18 अप्रैल तक कक्षाएं सस्पेंड कर दी गई हैं। एडिशनल डिप्टी कमिश्नर एस.ए. रैना ने बताया कि यह फैसला सभी की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, जब तक मामले की गहन जांच पूरी नहीं हो जाती। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि अगर आरोप सही पाए जाते हैं, तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने छात्रों से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें और जांच पूरी होने तक धैर्य रखें।