Loading...
प्रधानमंत्री का बचत बढ़ाने पर जोर, कहा- हमारी संस्कृति 'खाओ, पियो और मौज करो' वाली नहीं
प्रधानमंत्री मोदी ने कैबिनेट मंत्रियों से लोगों को बचत के लिए प्रोत्साहित करने का आग्रह किया

प्रधानमंत्री का बचत बढ़ाने पर जोर, कहा- हमारी संस्कृति 'खाओ, पियो और मौज करो' वाली नहीं

लेखन आबिद खान
Nov 19, 2026
04:51 pm

क्या है खबर?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में बचत की आदत को बढ़ावा देने पर जोर दिया है। उन्होंने कैबिनेट मंत्रियों और सरकारी सचिवों से कहा कि वे लोगों को बचत के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने आगे कहा कि भारतीय संस्कृति 'खाओ, पियो और मौज करो' वाली सोच में विश्वास नहीं रखती। प्रधानमंत्री ने ये बातें कैबिनेट मंत्रियों की बैठक के दौरान कही, जिसमें उन्होंने 50 करोड़ लोगों के गरीबी से बाहर निकलने की उपलब्धि पर जोर दिया।

बचत

प्रधानमंत्री ने क्यों की ये अपील?

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री के इस आह्वान के पीछे चिंता है कि गरीबी से बाहर निकलने वाले कई लोग अनुशासित तरीके से खर्च नहीं करने के कारण दोबारा बदहाली की स्थिति में पहुंच सकते हैं।

सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने कहा, "भारतीय संस्कृति 'खाओ, पियो और मौज करो' में विश्वास नहीं करती। बचत को बढ़ावा देना यह पक्का करने के लिए जरूरी है कि जो लोग गरीबी से बाहर आए हैं, वे फिर इसमें न फंसें।"

नशा

प्रधानमंत्री ने नशे के खिलाफ सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया

प्रधानमंत्री ने वामपंथी उग्रवाद को खत्म करने की सफलता का जिक्र करते हुए नशीले पदार्थों के दुरुपयोग को खत्म करने को अगला बड़ा लक्ष्य बनाने पर जोर दिया।

इंडिया टुडे की रिपोर्ट में कहा गया है कि इस दौरान प्रधानमंत्री भावुक हो गए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि देश के युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना होगा।

उन्होंने कहा कि जैसे देश नक्सलवाद से निपटा है, वैसे ही नशे की समस्या से भी निपट सकता है।

ADVERTISEMENT

बैठक

बैठक में 11 सचिवों ने दिए प्रजेंटेशन

मनीला से लौटने के कुछ घंटे बाद ही प्रधानमंत्री मोदी ने इस बैठक की अध्यक्षता की। इसमें वित्त, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, आवास और मत्स्य पालन समेत 11 मंत्रालयों के सचिवों ने प्रेजेंटेशन दिए।

अधिकारियों ने बताया कि गरीबी कम करने में सामूहिक प्रयासों की अहम भूमिका रही है।

गृह सचिव गोविंद मोहन ने 'नक्सल मुक्त भारत' विषय पर प्रेजेंटेशन दिया। उन्होंने साइबर अपराधों से निपटने के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी।

ADVERTISEMENT

उद्योग

प्रधानमंत्री का उद्योगों से सवाल- हमने टैक्स घटाया, क्या आपने वेतन बढ़ाया?

दिल्ली में एक अलग कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कारोबारी घरानों से बड़ा सवाल किया।

उन्होंने कहा, "2014 में कॉरपोरेट टैक्स 30 प्रतिशत होता था। हमने इसे 22 प्रतिशत तक पहुंचा दिया। आज 12 लाख रुपये तक की कमाई पर कोई इनकम टैक्स नहीं है। टैक्‍स में तो हमने कटौती कर दी, आपने क्‍या किया? आपने कर्मचारियों की संख्‍या बढ़ाई क्‍या, आपने कर्मचारियों का वेतन बढ़ाया क्‍या। मोदी जी, आप करो, हम देख लेंगे। क्‍या ऐसे ही चलेगा?"

ADVERTISEMENT