Page Loader
कर्नाटक: टोयोटा फैक्ट्री के शौचालय में पाकिस्तान समर्थक और कन्नड़ विरोधी नारे, 2 कर्मचारी गिरफ्तार
कर्नाटक में टोयोटा फैक्ट्री के शौचालय में पाकिस्तान समर्थक नारे (तस्वीर: वेबसाइट/toyota-boshoku.com)

कर्नाटक: टोयोटा फैक्ट्री के शौचालय में पाकिस्तान समर्थक और कन्नड़ विरोधी नारे, 2 कर्मचारी गिरफ्तार

लेखन गजेंद्र
Mar 20, 2025
10:48 am

क्या है खबर?

कर्नाटक के रामनगर जिले में स्थित टोयोटा बोशोकू फैक्ट्री में पाकिस्तान के समर्थन में और कन्नड़ के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां लिखे होने का मामला सामने आया है। ये नारे और टिप्पणियां फैक्ट्री के शौचालय के अंदर दीवारों पर लिखी पाई गई हैं, जिसे सबसे पहले फैक्ट्री के कर्मचारियों ने देखा था। यह बात फैक्ट्री में फैली तो कर्मचारियों ने नाराजगी जाहिर की, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने जांच के बाद 2 लोगों को गिरफ्तार किया है।

विवाद

क्या है पूरा मामला?

बिदादी कस्बे की फैक्ट्री में 2,000 से अधिक कर्मचारी काम करते हैं और यहां तीन शिफ्ट में 600 से अधिक कर्मचारी मौजूद रहते हैं। रविवार 16 मार्च को पहली शिफ्ट के दौरान कुछ कर्मचारियों ने शौचालय की दीवारों पर हरे रंग से कन्नड़ भाषा में "पाकिस्तान की जय" और कन्नड़ लोगों के खिलाफ अपमानजनक बातें लिखी थीं। कर्मचारियों ने कंपनी प्रबंधन से शिकायत की तो उन्होंने पहले नोटिस लगाया, लेकिन जब कर्मचारी आक्रोशित हो गए तो पुलिस से शिकायत की।

जांच

पकड़े गए दोनों आरोपी उत्तरी कर्नाटक के रहने वाले

कंपनी ने एक सर्कुलर भी जारी किया, जिसमें बताया गया कि ऐसी हरकतें कानून के तहत देशद्रोह में आती हैं। पुलिस ने कंपनी की शिकायत के बाद सैकड़ों कर्मचारियों से पूछताछ की, CCTV फुटेज देखे और हस्तलेख विश्लेषण किया, जिसके बाद 2 लोग गिरफ्तार किए गए। इनकी पहचान हैमद हुसैन (24) और सादिक (20) के रूप में हुई है, कंपनी में ठेका मजदूर हैं। वे उत्तरी कर्नाटक क्षेत्र के रहने वाले हैं। उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में FIR दर्ज है।

जानकारी

कर्नाटक विधानसभा में उठा मामला

यह मामला कर्नाटक विधानसभा में मंगलवार को विपक्ष के नेता आर. अशोक ने उठाया और चिंता जताई। उन्होंने कहा कि सरकार इसे छिपाने की कोशिश कर रही है और लोग पूछ रहे हैं कि क्या इस सरकार में कोई शर्म बची है।