प्रियंका गांधी के बेटे की प्रदर्शनी से 70 फोटो हटाईं, इनमें प्रदर्शन की भी तस्वीरें; छिड़ा विवाद
क्या है खबर?
प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा की फोटो प्रदर्शनी से 70 से ज्यादा तस्वीरें हटाने पर विवाद छिड़ गया हैं। इनमें दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शनों की तस्वीरें भी शामिल थीं। ये प्रदर्शनी दिल्ली के बीकानेर हाउस में आयोजित की जा रही है। रेहान ने कहा कि बीकानेर हाउस प्रशासन ने 2 कमरों में लगी 74 तस्वीरों पर उनके राजनीतिक संदर्भ और बुकिंग नीति का हवाला देते हुए आपत्ति जताई और हटा दिया।
बयान
रेहान बोले- तस्वीरें न हटाने पर प्रदर्शनी रद्द करने की चेतावनी मिली
रेहान ने सोशल मीडिया पर कहा कि उनकी सोलो एग्जीबिशन 'नो आइडिया इज फाइनल' शुरू होने से कुछ घंटे पहले तस्वीरें हटाई गईं। प्रदर्शनी में 100 से ज्यादा तस्वीरें थीं, लेकिन अब करीब 40 ही बची हैं।
उन्होंने कहा, 'दोपहर करीब 3.30 बजे प्रशासन ने चेतावनी दी कि अगर शाम 4 बजे तक तस्वीरें नहीं हटाई गईं तो प्रदर्शनी रद्द कर दी जाएगी और इमारत को सील कर दिया जाएगा।'
कला
रेहान बोले- कला पर रोक लगाना गलत
रेहान ने इंडिया टुडे से कहा, "कला पर किसी भी प्रकार की रोक लगाना गलत है। केवल इसलिए तस्वीरों को हटाना क्योंकि उन्हें आपत्तिजनक माना जा सकता है, एक सांस्कृतिक संस्थान के लिए अस्वीकार्य है। मैंने कहा कि मैं इनमें से कोई भी तस्वीर हटाने के लिए इच्छुक नहीं हूं, लेकिन अगर आपको वाकई कोई समस्या है, तो आप मुझे लिखित में बता सकते हैं और यह भी बता सकते हैं कि आपको किन तस्वीरों से आपत्ति है और क्यों।"
प्रियंका का बयान
प्रियंका बोली- मुझे रेहान पर गर्व
प्रियंका गांधी ने रेहान को संबोधित करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, 'जब कोई ताकतवर इंसान किसी दूसरे की अभिव्यक्ति से डरने लगता है, तो उसे पता भी नहीं चलता, लेकिन वह असल में उसी ताकत को खो चुका होता है जिसे वह बचाने की कोशिश कर रहा है। आप सच का साथ दें और हर खूबसूरत चीज खुद-ब-खुद आप तक पहुंच जाएगी। मुझे आप पर गर्व है, और हमेशा रहेगा।'
प्रदर्शनी
रेहान की प्रदर्शनी के बारे में जानिए
'नो आइडिया इज फाइनल' नामक इस प्रदर्शनी में रेहान ने अपने 3 सालों के फोटोग्राफी काम को एक साथ प्रस्तुत किया है। इसमें स्ट्रीट फोटोग्राफी, युवा आंदोलन और दिल्ली में हाल ही में हुए विरोध प्रदर्शनों की तस्वीरें शामिल हैं।
एक तस्वीर में राहुल गांधी भी प्रदर्शनकारियों के बीच नजर आ रहे हैं।
प्रदर्शनी में 100 से ज्यादा फोटो और कलाकृतियां प्रदर्शित हैं। वहीं, 2 कमरों में लगी 74 तस्वीरों पर बीकानेर हाउस ने आपत्ति जताई है।