US ने कस दी IT कंपनियों पर नकेल, प्रियांक खड़गे बोले - भारत को ज्यादा तैयार रहने की जरूरत
कर्नाटक के IT मंत्री प्रियांक खड़गे ने अमेरिका के एक फैसले पर अपनी चिंता जताई है। अमेरिका ने कुछ सबसे बड़ी IT आउटसोर्सिंग कंपनियों को स्थायी श्रम प्रमाणन कार्यक्रम के तहत नए आवेदन दाखिल करने पर अस्थायी रोक लगा दी है।
खड़गे का कहना है कि इस कदम से भारतीय टेक कंपनियों की दिक्कतें बढ़ सकती हैं, क्योंकि इससे उनकी लागत बढ़ जाएगी और अमेरिका में भारतीय पेशेवरों के लिए काम करने के मौके भी कम हो जाएंगे। उन्होंने भारत को इस स्थिति के लिए और अधिक तैयार रहने की सलाह दी। खड़गे ने कहा, "हमें और अधिक तैयार रहने की जरूरत है।"
भारत को उच्च मूल्य वाले तकनीकी काम मिल सकते हैं
खड़गे को इस स्थिति में एक उम्मीद भी दिख रही है। उनका मानना है कि जब विदेशों में मौके कम होंगे, तो उच्च मूल्य वाले कुछ तकनीकी काम भारत में आ सकते हैं।
इससे देश के अलग-अलग शहरों में और ज्यादा ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर खुलेंगे और अनुभवी तकनीकी जानकारों की मांग भी बढ़ेगी। खड़गे का कहना है कि यह भारत के लिए इनोवेशन और प्रोडक्ट डेवलपमेंट का वैश्विक केंद्र बनने का सही मौका है।