बासी पैटी ने ली 17 साल के छात्र की जान, स्कूल पर लापरवाही और देरी का आरोप
जयपुर के एक स्कूल में 17 साल का छात्र प्रिंस सोनी अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि उसने स्कूल की कैंटीन से एक बासी आलू पैटी खाई थी। प्रिंस के परिवार का आरोप है कि स्कूल ने समय पर कोई कार्रवाई नहीं की और उनकी लापरवाही की वजह से यह हादसा हुआ। CCTV फुटेज में प्रिंस को स्कूल परिसर में चलते हुए देखा जा सकता है, जिसके कुछ देर बाद ही वह अचानक गिर गया।
परिवार का आरोप- स्कूल ने की इलाज में देरी
स्कूल स्टाफ ने प्रिंस को CPR देने की कोशिश तो की, लेकिन परिवार का आरोप है कि स्कूल प्रशासन ने उसे करीब 45 मिनट तक स्कूल परिसर में ही रोके रखा। बाद में परिवार उसे खुद अस्पताल ले गया। जब तक परिवार अस्पताल पहुंचा, डॉक्टरों ने प्रिंस को मृत घोषित कर दिया था। प्रिंस के पिता अमित ने बताया कि स्कूल ने आपातकालीन मेडिकल मदद का इंतजाम करने के बजाय, उन्हें बार-बार फोन करके गाड़ी की जानकारी देने को कहा।
पुलिस ने शिक्षकों और मालिक से की पूछताछ
प्रिंस की मां निर्मला ने बताया कि जब वह स्कूल पहुंचें, तो उनका बेटा बेजान पड़ा था और उसका शरीर ठंडा था। इस घटना से गुस्साए परिवार और स्थानीय लोगों ने स्कूल प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और स्कूल के शिक्षकों के साथ-साथ मालिक से भी पूछताछ की जा रही है।