LOADING...
प्रधानमंत्री मोदी का व्यापार समझौतों पर अहम बयान, कहा- राजनीतिक स्थिरता ने बढ़ाया निवेश का माहौल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का व्यापार समझौतों पर अहम बयान दिया है

प्रधानमंत्री मोदी का व्यापार समझौतों पर अहम बयान, कहा- राजनीतिक स्थिरता ने बढ़ाया निवेश का माहौल

Feb 15, 2026
06:32 pm

क्या है खबर?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को समाचार एजेंसी PTI के साथ विशेष साक्षात्कार में भारत के बजट 2026 और विभिन्न देशों के साथ किए गए व्यापार समझौतों समेत विभिन्न मुद्दों पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि राजनीतिक स्थिरता और राजनीतिक पूर्वानुमान ने भारत में निवेशकों का विश्वास बहाल किया है, जिससे देश मजबूत स्थिति से व्यापार समझौतों पर बातचीत करने में सक्षम हुआ है। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कुछ कहा।

बयान

प्रधानमंत्री मोदी ने क्या दिया बयान?

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "राजनीतिक स्थिरता और राजनीतिक पूर्वानुमान ने भारत में निवेशकों का विश्वास बहाल किया है और सरकार के सुसंगत नीतिगत दृष्टिकोण ने वैश्विक व्यापार वार्ताओं में भारत की स्थिति को मजबूत किया है।" उन्होंने आगे कहा, "भारत के बढ़ते विनिर्माण आधार, विस्तारित सेवा क्षेत्र और मजबूत MSME ने देश को कम से कम 38 देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते (FTA) संपन्न करने में सक्षम बनाया है।"

फायदा

प्रधानमंत्री मोदी ने बताए FTA के फायदे

प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि देश के FTA लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) के लिए बाजार पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से बनाए गए हैं, विशेष रूप से कपड़ा, चमड़ा, रसायन, हस्तशिल्प और रत्न एवं आभूषण जैसे क्षेत्रों में। उन्होंने कहा कि इन समझौतों का लक्ष्य भारतीय निर्यातकों के लिए नए अवसर पैदा करना और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं के साथ भारत के एकीकरण को गहरा करना है। इससे देश को आर्थिक मजबूती भी मिलेगी।

Advertisement

आलोचना

प्रधानमंत्री मोदी ने की UPA सरकार की आलोचना

प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतशील गठबंधन (UPA) सरकारों के आर्थिक प्रबंधन की भी कड़ी आलोचना की। उन्होंने जोर देकर कहा, "UPA के शासनकाल में भारत कभी भी आत्मविश्वास के साथ व्यापार समझौते करने में समर्थ नहीं हो सका। उस दौरान अन्य देशों के साथ व्यापार वार्ता शुरू तो होती थी, लेकिन बाद में टूट जाती थी और लंबे समय तक चलने वाली बातचीत के बावजूद कोई ठोस परिणाम नहीं निकलता था।"

Advertisement

बजट

बजट पर क्या बोले प्रधानमंत्री मोदी?

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट विकसित भारत बनने की चाहत को दर्शाता है। सरकार देश के रक्षा बलों का समर्थन करने और उन्हें मजबूत बनाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी। सरकार का कर्तव्य है कि वह रक्षा क्षेत्र का आधुनिकीकरण वर्तमान परिस्थितियों के अनुरूप करे।" उन्होंने कहा, "डाटा सेंटर हमारे युवाओं के लिए रोजगार के बड़े अवसर पैदा करेंगे। हम पूरी दुनिया के डाटा को भारत में स्थानांतरित करने के लिए आमंत्रित करते हैं।"

समझौते

भारत ने इन देशों के साथ किए व्यापार समझौते

प्रधानमंत्री मोदी की यह टिप्पणी अमेरिका और यूरोपीय संघ (EU) सहित कई देशों के साथ किए गए व्यापार समझौतों की एक श्रृंखला के बाद आई है। अमेरिका के साथ हुए समझौते में भारतीय वस्तुओं पर अमेरिकी टैरिफ को दंडात्मक 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है। इसी तरह पिछले महीने भारत ने EU के साथ FTA किया था। यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने इसे सभी व्यापार समझौतों की जननी करार दिया था।

Advertisement