प्रधानमंत्री मोदी ने शुरू किया 'नशा मुक्त युवा' अभियान, जानिए इसमें क्या होगा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशव्यापी 'नशा मुक्त युवा' अभियान शुरू किया है, जो 'विकसित भारत संकल्प अभियान' का हिस्सा है। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशीले पदार्थों से दूर रखना है। इस अभियान के शुरू होते ही एक करोड़ से भी ज्यादा युवाओं ने नशा न करने का संकल्प लिया है, ताकि देश स्वस्थ और नशा मुक्त बन सके। यह अभियान पूरे 100 हफ्तों तक चलेगा, जिसके तहत हर रविवार को अलग-अलग गतिविधियां और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
'नशा मुक्त युवा' अभियान 10,000 से अधिक स्थानों तक पहुंचा
यह अभियान 10,000 से भी ज्यादा जगहों पर चलाया जा रहा है। इसमें स्कूल, कॉलेज, युवा मंडल, गैर-सरकारी संगठन और कई आध्यात्मिक समूह भी शामिल हैं। लोगों तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाने के लिए हर हफ्ते खेलकूद प्रतियोगिताएं, वॉकथॉन, ध्यान सत्र और नुक्कड़ नाटक जैसे कई कार्यक्रम रखे गए हैं। केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा है कि नशीले पदार्थों के खिलाफ यह लड़ाई हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने समुदाय के लोगों से अपील की है कि वे युवाओं को अच्छी गतिविधियों और जागरूकता के जरिए सपोर्ट करें।