Loading...
प्रधानमंत्री मोदी मनीला दौरे पर हुए रवाना, कहा- आसियान भारत की 'एक्ट ईस्ट पॉलिसी' का केंद्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मनीला दौरे पर रवाना हो गए हैं

प्रधानमंत्री मोदी मनीला दौरे पर हुए रवाना, कहा- आसियान भारत की 'एक्ट ईस्ट पॉलिसी' का केंद्र

Nov 16, 2026
09:49 am

क्या है खबर?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला के लिए रवाना हो गए, जहां वे 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन, 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन और क्वाड (QUAD) नेताओं की बैठक में हिस्सा लेंगे। अपनी यात्रा से पहले जारी एक आधिकारिक बयान में प्रधानमंत्री ने दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों (आसियान) के साथ भारत के संबंधों को देश की विदेश नीति का आधारस्तंभ बताया। उन्होंने पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

बयान

प्रधानमंत्री मोदी ने क्या दिया बयान?

मनीला रवाना होने से पूर्व प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आसियान सदस्यों के साथ भारत के संबंध देश की 'एक्ट ईस्ट पॉलिसी' के केंद्र में हैं।

उन्होंने कहा, "सदियों के सभ्यतागत आदान-प्रदान पर आधारित हमारे संबंध आज व्यापार, कनेक्टिविटी, समुद्री सुरक्षा, प्रौद्योगिकी और लोगों के आपसी संपर्क तक फैली एक गतिशील साझेदारी के रूप में विकसित हुए हैं। इससे भारत के साथ आसियान से जुड़े सभी देशों को फायदा हो रहा है।"

सम्मेलन

पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन पर क्या बोले प्रधानमंत्री मोदी?

प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, "पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन क्षेत्रीय और वैश्विक चुनौतियों पर संवाद के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है। मैं हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सहयोग को मजबूत करने के लिए भाग लेने वाले नेताओं के साथ विचारों के आदान-प्रदान की प्रतीक्षा कर रहा हूं।"

प्रधानमंत्री मोदी के ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमेरिका के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करने का भी कार्यक्रम है।

ADVERTISEMENT

कार्यक्रम

यात्रा का मुख्य एजेंडा और कार्यक्रम

प्रधानमंत्री मोदी 17 नवंबर को 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे।

फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर मार्कोस जूनियर सोमवार शाम को आसियान और साझेदार देशों के नेताओं के लिए रात्रिभोज की मेजबानी करेंगे।

अधिकारियों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी की द्विपक्षीय बैठकों का उद्देश्य व्यापार और निवेश को बढ़ावा देना, समुद्री सुरक्षा सहयोग को मजबूत करना और क्षेत्रीय सुरक्षा चुनौतियों का समाधान करना है।

ADVERTISEMENT

सहयोग

आसियान के साथ व्यापार और रक्षा सहयोग

विदेश मंत्रालय के सचिव (पूर्व) रुद्रेंद्र टंडन के अनुसार, 11 सदस्यीय आसियान संगठन 'शांति, स्थिरता और आर्थिक समृद्धि के इंजन' के रूप में कार्य करता है। भारत और आसियान देशों के बीच वार्षिक व्यापार लगभग 122 अरब डॉलर (लगभग 11.49 लाख करोड़ रुपये) का है।

ऐसे में अब भारत आसियान देशों के साथ संबंधों को मजबूत करते हुए गश्ती जहाजों, रडार, वायु रक्षा प्रणालियों, हेलीकॉप्टर और ड्रोन जैसे क्षेत्रों में रक्षा सहयोग बढ़ाने के लिए तैयार है।

महत्व

क्वाड शिखर सम्मेलन का विशेष महत्व

इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमेरिका के नेताओं के साथ क्वाड शिखर सम्मेलन में भी शामिल होंगे।

सितंबर 2024 के बाद क्वाड नेताओं की यह पहली बैठक है। इसकी मेजबानी अमेरिका द्वारा मनीला में की जा रही है, जो क्वाड सदस्य देशों से बाहर इस तरह के पहले आयोजन को दर्शाता है।

इस सम्मेलन में आर्थिक सुरक्षा और रणनीतिक बुनियादी ढांचे पर कई बड़े फैसले लिए जाने की उम्मीद है।

ADVERTISEMENT