दिवाली पर महंगाई की दोहरी मार, इस बार गैजेट्स से मिठाई तक चुकाने होंगे ज्यादा दाम
क्या इस दिवाली आप खरीदारी की सोच रहे हैं? तो इस बार आपको अपने पसंदीदा गैजेट्स, मिठाइयां और यहां तक कि सूखे मेवे भी पिछले साल के मुकाबले ज्यादा महंगे मिल सकते हैं। बिजली के अप्लायंस की कीमतों में 3 से 7 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है। इसी तरह पारंपरिक मिठाइयां 15 प्रतिशत तक महंगी हो गई हैं। अगर बात करें पिस्ता की, तो यह पिछले साल के मुकाबले लगभग दोगुना महंगा हो गया है। इस महंगाई के पीछे की मुख्य वजहें कच्चे माल की बढ़ती लागत, विदेशों में फसलों का खराब होना और शिपिंग का बढ़ा हुआ खर्च हैं।
हायर और LG ने बढ़ाए अप्लायंस के दाम
हायर और LG जैसे बड़े ब्रांड्स ने भी महंगे पुर्जों के चलते अपने अप्लायंस के दाम बढ़ा दिए हैं। मिठाई की दुकानें भी दूध और चीनी की बढ़ती कीमतों से जूझ रही हैं। इस बीच कई खरीदार अब आसान EMI का सहारा ले रहे हैं। विजय सेल्स के अनुसार, लगभग 70 प्रतिशत खरीदारी मासिक किश्तों पर की जा रही है। दूसरी ओर, सूखे मेवों के विक्रेता अच्छी कमाई की उम्मीद कर रहे हैं, लेकिन उनका कहना है कि इस त्योहारी सीजन में लोग एक बार में पहले से कम खरीद रहे हैं और फिजूलखर्ची के बजाय 'वैल्यू फॉर मनी' पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं।