महाराष्ट्र में होगी एम्बुलेंस के नए युग की शुरुआत, अब एक क्लिक में होंगी ट्रैक
महाराष्ट्र में जल्द ही एक नई राज्य एम्बुलेंस नीति लागू होने जा रही है। इसका मकसद आपातकालीन चिकित्सा मदद को और ज्यादा तेज और भरोसेमंद बनाना है। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने इसका ऐलान करते हुए बताया कि इसके तहत हर पंजीकृत एम्बुलेंस को रियल-टाइम डिजिटल ट्रैकिंग से जोड़ा जाएगा। इससे एम्बुलेंस पहुंचने में देरी, अचानक लगने वाले ज्यादा किराए और पारदर्शिता की कमी जैसी शिकायतें दूर होंगी। अभी तक हजारों एम्बुलेंस बिना किसी एक जैसे सिस्टम के काम कर रही हैं, लेकिन इस नई नीति से ये सभी एक ही प्लेटफॉर्म पर आ जाएंगी।
प्लेटफॉर्म देता है किराए का अंदाजा
एक नए डिजिटल प्लेटफॉर्म से आप अपनी एम्बुलेंस को रियल-टाइम में ट्रैक कर पाएंगे। यह प्लेटफॉर्म आपको यह भी बताएगा कि एम्बुलेंस कब तक पहुंचेगी और शुरुआती तौर पर किराए का अनुमान भी देगा। यही नहीं, एम्बुलेंस का इंतजार करते समय आप प्राथमिक चिकित्सा से जुड़ी कुछ जरूरी सलाह भी पा सकेंगे। एम्बुलेंस में मौजूद पैरामेडिक्स टैबलेट का इस्तेमाल करके मरीज की जानकारी सीधे अस्पताल तक पहुंचा पाएंगे। इसके साथ ही ऐप पर किराए का चार्ट साफ-साफ दिखाया जाएगा, ताकि बिल को लेकर कोई गलतफहमी या हैरानी न हो।