प्रशांत किशोर के पास है 198 करोड़ की संपत्ति, पत्नी के नाम पर हैं 89 करोड़ रुपये
जन सुराज पार्टी (JSP) के मुखिया प्रशांत किशोर ने बांकीपुर से अपना पहला विधानसभा उपचुनाव जीत लिया है। उन्होंने चुनाव आयोग को दिए हलफनामे में अपनी और परिवार की कुल 198.07 करोड़ रुपये की संपत्ति का ब्योरा दिया है। सामने आया है कि उनके पास कुल 111.78 करोड़ की चल संपत्ति है, जिसमें से 22.19 करोड़ उनके नाम, 89.51 करोड़ रुपये उनकी पत्नी के नाम और 7.19 लाख रुपये एक आश्रित के नाम पर हैं। इसके अलावा, उनकी कुल अचल संपत्ति 86.29 करोड़ की है, जिसमें बिहार में एक बंद पड़ी राइस मिल भी शामिल है।
किशोर के पास 22.19 करोड़ रुपये की चल संपत्ति
प्रशांत के पास खुद 22.19 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है, जिसमें फिक्स्ड डिपॉजिट और कुछ नकदी शामिल है। उनकी पत्नी जाह्नवी दास के नाम पर 89.51 करोड़ की संपत्ति है, जिसका ज्यादातर हिस्सा वेदहास वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड में शेयर के रूप में है। दोनों के पास मिलाकर करीब 65.93 लाख रुपये के गहने भी हैं। उनकी अचल संपत्ति पटना, नई दिल्ली, गाजियाबाद और बक्सर में फैली हुई है। इसी तरह रोहतास जिले में उनके पुश्तैनी घर में भी उनका हिस्सा है। करीब 6 करोड़ रुपये से ज्यादा की देनदारियां होने के बावजूद उन्होंने किसी भी तरह का बकाया टैक्स या सरकारी देनदारी होने की जानकारी नहीं दी है।