यौन उत्पीड़न के आरोपी प्रज्वल रेवन्ना जर्मनी से कर्नाटक के लिए रवाना
क्या है खबर?
कई महिलाओं से यौन उत्पीड़न के आरोपी कर्नाटक के हासन से सांसद प्रज्वल रेवन्ना गुरुवार को जर्मनी से कर्नाटक के लिए रवाना हो गए।
इंडिया टुडे के मुताबिक, रेवन्ना ने म्यूनिख से बेंगलुरु के लिए सुबह 11 बजे के बाद की उड़ान पकड़ी है। वह 31 मई को सुबह बेंगलुरु पहुंच जाएंगे।
संभावना जताई जा रही है कि वह बेंगलुरु के केम्पागौड़ा हवाई अड्डे पर उतरते ही गिरफ्तार किए जा सकते हैं। उनकी अग्रिम जमानत खारिज हो चुकी है।
जांच
31 मई को जांच टीम के सामने आने की कही थी बात
प्रज्वल की ओर से बेंगलुरु के सत्र न्यायालय में अंग्रिम जमानत याचिका दाखिल की गई थी, जिसे बुधवार को खारिज किया गया था।
इससे पहले 27 मई को प्रज्वल ने एक वीडियो जारी कर कहा था कि वह 31 मई को जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) के सामने पेश होगा।
उन्होंने कहा था, "मुझे अदालत पर भरोसा है और विश्वास है कि मैं अदालत के जरिए झूठे मामलों से बाहर आऊंगा। मेरी यात्रा पहले से ही निर्धारित थी।"
विवाद
क्या है मामला?
पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा के पोते प्रज्वल के लगभग 3,000 सेक्स टेप सामने आए थे। इनमें से कई वीडियो में वे महिलाओं की मर्जी के बिना संबंध बनाते और फिल्माते हुए नजर आ रहे हैं।
प्रज्वल के यहां काम करने वाली एक महिला ने सबसे पहले इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की जांच SIT कर रही है, जिसने प्रज्वल के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किए हैं।
मामले में प्रज्वल के पिता एचडी रेवन्ना हिरासत में थे।