सरकार 25 GW पवन ऊर्जा परियोजनाओं की क्षमता बढ़ाने की कर रही तैयारी
केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने बताया कि भारत सरकार 25 गीगावाट पुरानी पवन ऊर्जा परियोजनाओं का नवीनीकरण करने की योजना बना रही है। इसका मकसद है देश की पवन ऊर्जा क्षमता को मजबूत बनाए रखना, जो अभी 59 गीगावाट है।
इसके साथ ही, 2030 तक 100 गीगावाट के महत्वाकांक्षी लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ना भी इसका एक अहम उद्देश्य है। इस नवीनीकरण में तमिलनाडु, गुजरात और आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों पर खास ध्यान दिया जाएगा, क्योंकि इन राज्यों में पवन ऊर्जा की स्थापित क्षमता सबसे ज्यादा है।
भारत ने 6.05 गीगावाट पवन ऊर्जा क्षमता बढ़ाई
भारत ने हाल ही में वित्त वर्ष 26 में 6.05 गीगावाट नई पवन ऊर्जा क्षमता जोड़ी है। इस वित्त वर्ष में सरकार इससे भी अधिक क्षमता जोड़ने का लक्ष्य लेकर चल रही है।
जोशी ने कहा, पुराने प्रोजेक्ट्स को अपडेट करना भविष्य के नवीकरणीय ऊर्जा लक्ष्यों तक पहुंचने के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। ऐसे में उम्मीद की जा सकती है कि भारत के ऊर्जा मिश्रण में पवन ऊर्जा की हिस्सेदारी जल्द ही और बढ़ेगी।