ओडिशा: बांडामुंडा स्टेशन के पास ट्रेन में फटा पावर बैंक, यात्रियों में मची अफरा-तफरी
देश
ओडिशा के बांडामुंडा स्टेशन के पास शनिवार सुबह मुंबई-हावड़ा मेल के AC कोच में एक पावर बैंक फट गया। इस धमाके से ट्रेन का फायर अलार्म बज उठा और यात्रियों के बीच थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई यात्री घायल नहीं हुआ। हालात को काबू करने के लिए ट्रेन करीब 15 मिनट रुकी रही।
रेलवे रात में चार्जिंग पॉइंट बंद करेगा
रेलवे स्टाफ और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों ने फौरन मोर्चा संभाला। उन्होंने हालात को सामान्य किया और प्रभावित यात्री को दूसरी सीट पर बैठाया। इस घटना के बाद रेलवे अधिकारियों ने ट्रेनों में रात के समय चार्जिंग पॉइंट बंद रखने का फैसला किया है। इस उपाय से ऐसी घटनाओं को दोबारा होने से रोका जा सकेगा और यात्रियों का सफर भी ज्यादा सुरक्षित बन पाएगा।