Page Loader
PMO अधिकारी बनकर IANS विक्रांत की लोकेशन मांगने वाला कोझिकोड से गिरफ्तार
IANS विक्रांत की लोकेशन मांगने वाला कोझिकोड से गिरफ्तार

PMO अधिकारी बनकर IANS विक्रांत की लोकेशन मांगने वाला कोझिकोड से गिरफ्तार

May 12, 2025
06:38 pm

क्या है खबर?

केरल पुलिस ने प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) का अधिकारी बनकर अरब सागर में तैनात भारतीय नौसेना के विमान वाहक जहाज IANS विक्रांत की लोकेशन मागने के आरोप में एक व्यक्ति को कोझिकोड से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नौसेना की शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की है और आरोपी के खिलाफ आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम के तहत मामला भी दर्ज कर लिया है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर INS विक्रांत की जानकारी हासिल करने का कारण पता कर रही है।

प्रकरण

क्या है पूरा मामला?

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान इलाथुर निवासी मुजीब रहमान के रूप में हुई है। गत दिनों उसने कोच्चि स्थित नौसेना कमान मुख्यालय पर फोन किया और खुद को PMO का अधिकारी राघवन बताया था। उसने नौसेना मुख्यालय से अरब सागर में तैनात IANS विक्रांत की लोकेशन बताने को कहा था। हालांकि, नौसेना मुख्यालय के कर्मचारियों ने उसे इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दी और आगे की कार्रवाई की लिए पुलिस को सूचना दे दी।

गंभीरता

रहमान ने भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच मांगी थी जानकारी

पुलिस ने बताया कि पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया था। इसके बाद 7 मई की तड़के भारतीय सेना ने 'ऑपरेशन सिंदूर' चलाकर पाकिस्तान में 9 आतंकी ठिकानों को ध्वस्त करते हुए 100 से अधिक आतंकियों को ढेर कर दिया। उसके बाद दोनों देशों के बीच सीमा पर संघर्ष शुरू हो गया था। उसी दौरान आरोपी रहमान ने नौसेना मुख्यालय में फोन कर IANS विक्रांत की लोकेशन जानने का प्रयास किया था।

युद्धपोत

क्या है IANS विक्रांत?

IANS विक्रांत भारत का पहला विमानवाहक जहाज है, जिसे पूरी तरह से देश में ही बनाया गया है। इसे सितंबर 2022 में कमीशन किया गया था और इसे कोचीन शिपयार्ड में बनाया गया था। यह जहाज 40 विमानों तक का संचालन कर सकता है, जिसमें मिग-29K लड़ाकू जेट के दो स्क्वाड्रन और लगभग 10 कामोव Ka-31 हेलीकॉप्टर शामिल हैं। रक्षा के लिए यह 64 बराक मिसाइलों से लैस है, जिसे हवाई खतरों का मुकाबला करने के लिए डिजाइन किया हैं।