17 करोड़ रुपये के जाली नोटों के खेल में PNB मैनेजर गिरफ्तार, NIA ने चंडीगढ़ से दबोचा
पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के मैनेजर और करेंसी चेस्ट के जॉइंट कस्टोडियन अमित कुमार को नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने 17.29 करोड़ रुपये के नकली नोटों के बड़े घोटाले के आरोप में गिरफ्तार किया है।
काफी समय से फरार चल रहे अमित कुमार को 7 सितंबर को चंडीगढ़ से पकड़ा गया। दरअसल, इस मामले की शुरुआत तब हुई जब उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में PNB के करेंसी चेस्ट में जाली नोट पकड़े गए थे।
ऑडिट में 500 रुपये के 148 नकली बंडल मिले
पिछले महीने हुए ऑडिट में इस पूरे मामले का खुलासा हुआ। ऑडिट के दौरान बैंक कर्मचारियों ने पाया कि सहारनपुर ब्रांच से जयपुर में RBI के करेंसी चेस्ट भेजे गए पैसों में कुछ नकदी कम थी। जब उन्होंने मामले की और गहराई से जांच की, तो उन्हें 500 रुपये के 148 बंडल नकली नोट मिले। शुरुआत में यह रकम 7.4 करोड़ रुपये लग रही थी, लेकिन जांच में सामने आया कि यह राशि दोगुनी से भी ज्यादा है।
इतना ही नहीं, सीसीटीवी फुटेज में एक पार्ट-टाइम हाउसकीपर को भी नोटों के साथ छेड़छाड़ करते हुए देखा गया। फिलहाल NIA इस मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि आखिर ये जाली नोट कहां से आए थे।