प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर सकते हैं 2 दिवसीय इजरायल का दौरा, अगले हफ्ते जाएंगे
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले हफ्ते इजरायल का दौरा कर सकते हैं। वह 24 और 25 फरवरी को जेरूसलम में आधिकारिक प्रवास पर रहेंगे। प्रधानमंत्री की इस यात्रा का उद्देश्य रक्षा, आतंकवाद-विरोधी गतिविधियों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) जैसी उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करना है। अभी भारत सरकार की ओर से इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
दौरा
नेतन्याहू ने की थी पुष्टि
प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा की घोषणा हाल में अमेरिकी यहूदी संगठनों के अध्यक्षों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए, इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने की थी। उन्होंने कहा था, "संसद में भाषण की तैयारी चल रही है। अगले सप्ताह कौन आ रहा है? नरेंद्र मोदी। इजराइल-भारत के बीच मजबूत गठबंधन है, और हम हर सहयोग पर चर्चा करने जा रहे हैं। आप जानते हैं, भारत कोई छोटा देश नहीं। इसकी आबादी 140 करोड़ है। भारत बेहद शक्तिशाली और लोकप्रिय है।"
दौरा
अपने कार्यकाल का दूसरा दौरा करेंगे मोदी
प्रधानमंत्री मोदी 2014 में केंद्र की सत्ता संभालने के बाद दूसरी बार इजरायल का दौरा करेंगे। इससे पहले उन्होंने 2017 में जुलाई में तेल अवीव, जेरूसलम और हाइफा का 3 दिवसीय दौरा किया था। इसके बाद नेतन्याहू जनवरी 2018 में 5 दिन के लिए भारत दौरे पर आए। तब भारत-इजरायल ने अपनी साझेदारी की 25वीं वर्षगांठ मनाई थी। नेतन्याहू पिछले साल नवंबर-दिसंबर में दिल्ली आने वाले थे, लेकिन लालकिले के पास कार विस्फोट के कारण यात्रा स्थगित कर दी गई।