प्रधानमंत्री मोदी ने वाराणसी में रोड शो किया, वायुसेना के एयर शो में शामिल हुए
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तर प्रदेश के वाराणसी में अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर हैं। उन्होंने वहां करीब 7 किलोमीटर लंबा रोड शो किया। इस दौरान भारी भीड़ उमड़ी और लोगों ने उन पर फूल बरसाए। प्रधानमंत्री ने करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से बने एक कपड़ा कारखाने का भी उद्घाटन किया। इसके बाद प्रधानमंत्री नमो घाट पहुंचे, जहां वायु सेना 'विंग्स ओवर गंगा' नाम से हवाई प्रदर्शन कर रही है।
बातचीत
प्रधानमंत्री ने महिला श्रमिकों से बात की
प्रधानमंत्री ने नई कपड़ा निर्माण इकाई के उद्घाटन के दौरान वहां काम करने वाली महिला श्रमिकों से बातचीत की। इस इकाई से करीब 1,000 महिलाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
एक महिला श्रमिक ने कहा, "अभी तक प्रधानमंत्री को केवल टीवी पर देखा था, आज हकीकत में देखकर बहुत खुश हूं।"
इस दौरान प्रधानमंत्री के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की।
वायुसेना
94वें स्थापना दिवस पर वायुसेना कर रही एयरशो
वायुसेना अपने 94वें स्थापना दिवस के मौके पर नमो घाट पर एयर शो कर रही है। इसे 'विंग्स ओवर गंगा' नाम दिया गया है।
इस एयर शो में करीब 100 विमान हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें राफेल और सुखोई जैसे 52 लड़ाकू विमान भी शामिल हैं। इस दौरान विमानों ने 12 अड्डों से उड़ान भरी और करतब दिखाए।
विमानों ने प्रचंड, नीलकंठ, नटराज, कैलाश, गंगा और वरूण समेत कई तरह के फॉर्मेशन में उड़ान भरी।