Loading...
आंध्र प्रदेश को मिला नया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, प्रधानमंत्री ने सेमीकंडक्टर प्लांट की भी रखी आधारशिला
प्रधानमंत्री मोदी ने आंध्र प्रदेश में नए अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया

आंध्र प्रदेश को मिला नया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, प्रधानमंत्री ने सेमीकंडक्टर प्लांट की भी रखी आधारशिला

लेखन आबिद खान
Aug 01, 2026
02:16 pm

क्या है खबर?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के दौरे पर हैं। आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले के भोगपुरम में उन्होंने करीब 18,000 करोड़ रुपये की विभिन्‍न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्‍यास किया। इसी के साथ आंध्र प्रदेश को एक और अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा मिल गया है। प्रधानमंत्री ने करीब 5,600 करोड़ रुपये की लागत से बने अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया, जहां से सालाना 60 लाख यात्री सफर कर सकेंगे।

बयान

प्रधानमंत्री बोले- देश के एविएशन सेक्टर ने असाधारण प्रगति की 

प्रधानमंत्री ने कहा, "बीते 12 साल में देश के एविएशन सेक्टर ने असाधारण प्रगति की है। 2014 तक केवल 74 हवाई अड्डे थे, आज 166 हैं। एक समय था जब हवाई उड़ाने सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित थी, आज छोटे शहर के साधारण लोग भी विमान से आ जा रहे हैं। चंद्रबाबू नायडू और पवन कल्याण के नेतृत्व में NDA की पूरी टीम आंध्र प्रदेश के लिए दोगुनी गति से काम कर रही है।"

खासियत

क्या है हवाई अड्डे की खासियत?

हवाई अड्डा हर साल 60 लाख यात्रियों को संभालने में सक्षम है, जिसे बढ़ाकर 4 करोड़ तक किया जाएगा।

हवाई अड्डे में AI, बिल्डिंग इन्फॉर्मेशन मॉडलिंग (BIM), एयरसाइड 4.0 तकनीक, एयरपोर्ट प्रेडिक्टिव ऑपरेशंस सेंटर (APOC) और बायोमेट्रिक प्रक्रिया जैसी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया है।

एनर्जी-एफिशिएंट हीटिंग और लाइटिंग, वेंटिलेशन और एयर कंडीशनिंग (HVAC) सिस्टम, 5 मेगावॉट का सोलर पावर प्लांट, रेनवाटर हार्वेस्टिंग और इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर भी हैं।

इसका डिजाइन आंध्र प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत से प्रेरित है।

ADVERTISEMENT

उड़ानें

17 अगस्त से शुरू होंगी उड़ानें

नए हवाई अड्डे से वाणिज्यिक उड़ानें 17 अगस्त से शुरू होंगी। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के मुताबिक, 17 अगस्त की रात 12 बजे से विशाखापत्तनम हवाई अड्डे से चलने वाली प्रस्तावित उड़ानें भोगापुरम शिफ्ट कर दी जाएंगी। विशाखापत्तनम हवाई अड्डे का कोड भी भोगापुरम को मिल जाएगा।

एयर इंडिया हैदराबाद और भोगापुरम के बीच रोजाना 5 उड़ानों का संचालन करेगी। बेंगलुरु के लिए भी रोजाना 2 उड़ानें होंगी। शुक्रवार और रविवार को छोड़कर एक अतिरिक्त उड़ान सप्ताह में 5 दिन चलेगी।

ADVERTISEMENT

सेमीकंडक्टर

आंध्र प्रदेश को मिली पहली सेमीकंडक्टर उत्पादन प्लांट

प्रधानमंत्री ने 'इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन' के तहत आंध्र प्रदेश की पहली सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट की आधारशिला भी रखी।

विशाखापत्तनम में 460 करोड़ रुपये की लागत से बनने जा रहे इस प्लांट में हर साल करीब 9.60 करोड़ सेमीकंडक्टर चिप बनाई जाएगी। इससे उच्च-कौशल वाले रोजगार पैदा होंगे और सेमीकंडक्टर उद्योग से जुड़े अन्य छोटे और सहायक उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा।

इस कारखाने को दक्षिण कोरिया की APACT के साथ मिलकर बनाया जाएगा।

अन्य सौगात

राज्य को इन परियोजनाओं की भी मिली सौगात

प्रधानमंत्री ने कुरनूल-4 नवीकरणीय ऊर्जा परियोजना (4.5 गीगावाट) के लिए बिजली पहुंचाने वाली नई ट्रांसमिशन लाइन की भी आधारशिला रखेी। इस पर करीब 5,550 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

उन्होंने 3,550 करोड़ रुपये की लागत से बनी कुरनूल के पवन और सौर ऊर्जा क्षेत्रों के लिए बनाई गई बिजली ट्रांसमिशन लाइन का भी उद्घाटन किया।

प्रधानमंत्री ने 1,880 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्‍यास भी किया।

ADVERTISEMENT