प्रधानमंत्री मोदी का आदिवासियों को 3,000 करोड़ रुपये का तोहफा, 246 परियोजनाएं से बदलेगी जिंदगी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 नवंबर को देश भर में आदिवासी समुदायों के उत्थान के लिए 246 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, करीब 3,000 करोड़ रुपये की ये परियोजनाएं 'जनजातीय गौरव दिवस' के मौके पर शुरू की जाएंगी, जो आदिवासी नायक बिरसा मुंडा की विरासत का भी जश्न मनाता है।
एकलव्य स्कूल, आदिवासी रिसर्च इंस्टीट्यूट, म्यूजियम
इन परियोजनाओं में नए एकलव्य मॉडल आवासीय स्कूल, प्रधानमंत्री-जनमन के तहत मल्टी-पर्पज सेंटर और ईटानगर में एक आदिवासी रिसर्च इंस्टीट्यूट शामिल हैं। इसके अलावा, मिजोरम में आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान में एक नया म्यूजियम भी बनाया जाएगा। इन परियोजनाओं के साथ ही 'जनजातीय गौरव पखवाड़ा' का भी समापन हो जाएगा, जो देश भर में आदिवासी संस्कृति का एक उत्सव है। इन परियोजनाओं का मकसद देशभर के आदिवासी समुदायों के लिए शिक्षा, हेल्थकेयर, आजीविका के अवसर और सामुदायिक इन्फ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाना है।