पटरी पर दौड़ेगी भारत की पहली 'प्रदूषण मुक्त' हाइड्रोजन ट्रेन
देश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन जींद और सोनीपत के बीच दौड़ेगी। 10 डिब्बों वाली यह ट्रेन दुनिया की सबसे लंबी हाइड्रोजन यात्री ट्रेनों में से एक होगी। साथ ही, यह भारत में पर्यावरण-अनुकूल यात्रा की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी।
ट्रेन में ऑनबोर्ड हाइड्रोजन फ्यूल सेल्स का इस्तेमाल
डीजल या सामान्य बिजली की जगह, यह ट्रेन अपनी ऊर्जा खुद बनाने के लिए हाइड्रोजन फ्यूल सेल्स का इस्तेमाल करती है। इससे कार्बन उत्सर्जन बिलकुल नहीं होता, सिर्फ पानी की भाप निकलती है। इसे इलेक्ट्रिक ट्रेनों की तरह ऊपर लगे तारों की जरूरत नहीं पड़ती। इसीलिए, यह ज्यादा लचीली होने के साथ-साथ पर्यावरण के लिए भी बेहतर है। भारतीय रेलवे ने ट्रेन को सुरक्षित चलाने के लिए लीक डिटेक्टर्स और फ्लेम सेंसर्स जैसे कई आधुनिक सुरक्षा फीचर्स भी इसमें लगाए हैं।