प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बांग्लादेश के भावी प्रधानमंत्री तारिक रहमान से फोन पर बात की
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बांग्लादेश के 13वें राष्ट्रीय संसदीय चुनाव में बहुमत हासिल करने वाली बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के अध्यक्ष और भावी प्रधानमंत्री तारिक रहमान से बात कर बधाई दी। उन्होंने शुक्रवार को एक्स पर लिखा, 'तारिक रहमान से बात करके बहुत खुशी हुई। मैंने उन्हें बांग्लादेश चुनाव में शानदार जीत के लिए बधाई दी।' उन्होंने लिखा कि, 'मैंने बांग्लादेश के लोगों की उम्मीदों को पूरा करने की उनकी कोशिश के लिए अपनी शुभकामनाएं और समर्थन दिया है।'
बधाई
इससे पहले सुबह एक्स पर लिखा था संदेश
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे बताया, "तारिक से बातचीत के दौरान दो करीबी पड़ोसियों के तौर पर, जिनके ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रिश्ते बहुत गहरे हैं, मैंने दोनों देशों के लोगों की शांति, तरक्की और खुशहाली के लिए भारत के लगातार किए गए प्रतिबद्धता को फिर से पक्का किया है।" इससे पहले सुबह मोदी ने एक्स पर एक संदेश साझा कर तारिक को बधाई दी थी और साथ काम करने को लेकर अपनी उत्सुकता जताई थी।
जीत
सबसे बड़ी पार्टी बनी BNP, 213 सीटें जीती
बांग्लादेश में BNP सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। उसने अपने सहयोगियों के साथ 299 सीटों में से 213 पर जीत हासिल कर ली है। कट्टरपंथी जमात-ए-इस्लामी पार्टी और उसके सहयोगियों को 77 सीटें मिली हैं। इस्लामी आंदोलन बांग्लादेश को 1 सीट और अन्य को 6 सीट मिली है। तारिक ने 2 सीटों से चुनाव लड़ा था, जिसमें दोनों पर विजय हासिल की है। जमात के प्रमुख शफीकुर रहमान भी अपनी सीट पर जीते हैं।