प्रधानमंत्री मोदी अचानक क्यों जा रहे केरलम के जटायु अर्थ सेंटर? जानिए क्या है खासियत
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बहुत जल्द केरलम के कोल्लम में जटायु अर्थ सेंटर का दौरा कर सकते हैं। यह चदयामंगलम में स्थित है। केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री और त्रिशूर से भाजपा के इकलौते सांसद सुरेश गोपी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत पहले कोल्लम में स्थल का दौरा करेंगे, जिसके बाद प्रधानमंत्री के आने की उम्मीद है। अचानक प्रधानमंत्री यहां क्यों आ रहे हैं और इस जगह की क्या खासियत है? आइए, जानते हैं।
दौरा
अचानक मोदी क्यों कर रहे जटायु अर्थ सेंटर का दौरा?
हाल में बॉलीवुड फिल्म 'रामायण' रिलीज हुई है, जिसमें जटायु और रावण का युद्ध दिखाया गया है।
इस दृश्य को फिल्म का सबसे अच्छा दृश्य बताया गया है, जिसने लोगों का ध्यान खींचा है।
गोपी ने बताया कि शेखावत 2 दिन पहले जटायु अर्थ सेंटर के क्रिएटर राजीव आंचल से मिले और दिल्ली बिनाले में इस मशहूर मूर्ति को दिखाने पर चर्चा की थी।
यह प्रस्ताव प्रधानमंत्री के ध्यान में लाया गया, जिसके बाद उनके दौरे की संभावना बनी है।
खासियत
चदयामंगलम में क्यों बना है जटायु अर्थ सेंटर?
स्थानीय मान्यता के अनुसार, रामायण में जब लंकापति रावण सीता का अपहरण कर उन्हें पुष्पक विमान में ले जा रहा था, तब जटायु (गिद्धराज) ने उन्हें बचाने की कोशिश की।
युद्ध में घायल होकर जटायु यहीं चदयामंगलम की पहाड़ी पर गिरे थे और राम को सीता के बारे में बताया था।
इसी की याद में जटायु अर्थ सेंटर बनाने की योजना बनी थी। इस मूर्ति को विशेष रूप से महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को समर्पित किया गया है।
खासियत
आंचल की टीम ने 10 साल में तैयार किया सेंटर
आंचल ने पढ़ाई के दौरान मूर्ति का विचार किया, लेकिन परियोजना को मंजूरी 1999 में मिली। फिर 2004 में जमीन पर्यटन विभाग को हस्तांतरित हुई।
2005 में परियोजना का औपचारिक उद्घाटन हुआ और 2006 में आंचल को डिजाइन-निर्माण की जिम्मेदारी मिली।
लगभग 10 साल के निर्माण प्रयास के बाद 2018 में पर्यटन स्थल आम लोगों के लिए खुला।
यह केरल की पहली BOT (निर्माण-संचालन-हस्तांतरण) पर्यटन परियोजना थी, यानी निजी कंपनी परियोजना बनाएगी और निर्धारित अवधि तक चलाकर सरकार को सौंपेगी।
जानकारी
बढ़ती गई परियोजना की रकम
वर्ष 2005 में परियोजना के लिए 85.12 लाख रुपये मंजूर हुए, लेकिन 2011 में इसकी लागत 13 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गई। वर्ष 2018 तक पूरी परियोजना में 50 करोड़ से अधिक राशि लगी। 2005 में पर्यटन मंत्री केसी वेणुगोपाल ने इसका उद्घाटन किया।
खासियत
जटायु अर्थ सेंटर की क्या है खासियत?
करीब 65 एकड़़ में दुनिया की सबसे बड़ी पक्षी मूर्ति लगभग 200 फीट लंबी, 150 फीट चौड़ी और 70 फीट ऊंची है। यह कंक्रीट और स्टील से बनी है।
यह जगह जटायुपारा नाम की पहाड़ी समुद्र तल से लगभग 1000 फीट पर बनी है। तिरुवनन्तपुरम से 50 और कोल्लम से करीब 38 किमी दूर है।
जटायु की मूर्ति रावण से युद्ध के बाद घायल अवस्था में (एक पंख कटा हुआ, पंजे ऊपर की ओर) दिखाती है।
जानकारी
सेंटर के अंदर और बाहर मनोरंजन और खूबसूरत दृश्य
मूर्ति के अंदर मल्टी-लेवल ऑडियो-विजुअल म्यूजियम और 6D थिएटर है, जहां जटायु की कहानी दिखाते है। पहाड़ी पर जाने के लिए केबल कार या 826 सीढ़ियों वाला पैदल रास्ता है। आसपास साहसिक खेल गतिविधियां, कोदंडराम मंदिर जहां राम के पदचिह्न हैं और प्राकृतिक नजारे हैं।