IIT मद्रास ने बनाया दुनिया का पहला ब्रेन स्ट्रोक एटलस, जानें कैसे करेगा काम
IIT मद्रास में सुधा गोपालकृष्णन ब्रेन सेंटर का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। इसका मुख्य लक्ष्य है अलग-अलग उम्र के 100 से ज्यादा इंसानी दिमागों के विस्तृत 3D मैप बनाना। इन मैप्स की मदद से वैज्ञानिक समझ पाएंगे कि समय के साथ हमारे दिमाग में कैसे बदलाव आते हैं।
इस सेंटर की एक और बड़ी खासियत है सी-स्ट्रोक। यह दुनिया का पहला ऐसा ब्रेन एटलस है जो इंसानी इस्केमिक स्ट्रोक पर खास तौर से केंद्रित है।
सी-स्ट्रोक में 1,000 से ज्यादा एनोटेटेड सेक्शन मौजूद
सी-स्ट्रोक में MRI स्कैन और माइक्रोस्कोपिक तस्वीरें एक साथ मिलती हैं। ये तस्वीरें दिखाती हैं कि स्ट्रोक दिमाग की कोशिकाओं पर किस तरह असर डालता है। इसमें रिसर्चर्स के लिए 1,000 से ज्यादा एनोटेटेड सेक्शन हैं, जिनका वे गहन अध्ययन कर सकते हैं।
यह सुविधा ओपन एक्सेस में उपलब्ध है, जिससे दुनिया भर के रिसर्चर्स और डॉक्टर्स इसका इस्तेमाल कर पाएंगे। भारत और अन्य देशों में मेडिकल रिसर्च के लिए यह एक बड़ा कदम साबित होगा।