Page Loader
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया देश के पहले वर्टिकल लिफ्ट पंबन पुल का उद्घाटन 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रामेश्वरम में किया नए पंबन पुल का उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया देश के पहले वर्टिकल लिफ्ट पंबन पुल का उद्घाटन 

Apr 06, 2025
01:47 pm

क्या है खबर?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (6 अप्रैल) को रामनवमी को मौके पर तमिलनाडु में रामेश्वरम में स्थित देश के पहले वर्टिकल लिफ्ट समुद्री पुल (पंबन पुल) का उद्घाटन किया। यह पुल मुख्य भूमि और रामेश्वरम द्वीप के बीच रेल संपर्क स्थापित करेगा। नया पुल उस पुराने पुल की जगह लेगा, जिसे जंग लगने की वजह से 2022 में बंद कर दिया गया था। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने रामेश्वरम-तांबरम (चेन्नई) के बीच नई ट्रेन सेवा की शुरुआत भी की।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें वीडियो

लागत

535 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ पुल

यह पुल लगभग 6790 फुट यानी करीब 2.06 किलोमीटर लंबा है। इसे रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) ने 535 करोड़ रुपये की लागत से बनाया है। नया पंबन ब्रिज मौजूदा पुल से 3 मीटर ऊंचा है और इसकी समुद्र तल से ऊंचाई 22 मीटर है। प्रधानमंत्री मोदी ने 2019 में इसकी आधारशिला रखी थी और 2020 में इसका निर्माण कार्य शुरू हुआ था। लॉकडाउन की वजह से निर्माण कार्य में थोड़ी बाधा आई थी।

खासियत

क्या है पुल की खासियत?

पंबन पुल में 100 स्पैन और एक नेविगेशनल स्पैन बनाया गया है। इसका हर स्पैन करीब 18.3 मीटर और नेविगेशनल स्पैन 63 मीटर का है। जहाजों के आवागमन के लिए इस पुल को इलेक्ट्रो-मैकेनिकल कंट्रोल सिस्टम से लैस किया गया है। इसमें वर्टिकल लिफ्ट टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है। यानी पुल के नीचे से जहाजों को निकालने के लिए इसका हिस्सा ऊपर उठाया जा सकता है। बिजली बचाने के लिए इसमें काउंटरवेट मैकेनिज्म का उपयोग किया गया है।

फायदा

पुल से क्या होगा फायदा?

पुल पर यातायात शुरू होने के बाद सबसे बड़ा फायदा समय की बचत के तौर पर होगा। दावा किया जा रहा है कि मंडपम् से रामेश्वरम् तक इस पुल के जरिए पहुंचने में केवल 5 मिनट का समय लगेगा, जबकि पहले करीब 25 मिनट लगते थे। पुल पर से ज्यादा क्षमता वाली मालगाड़ी भी गुजर सकेगी। रामेश्वरम जाने वाले तीर्थयात्रियों की यात्रा पुल से और सुविधाजनक होगी और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

दर्शन

प्रधानमंत्री मोदी ने रामनाथस्वामी मंदिर में की पूजा

पंबन पुल का उद्घाटन करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी सीधे रामेश्वरम स्थित रामनाथस्वामी मंदिर पहुंचे। वहां उन्होंने विशेष पूजा-अर्चना की। इसके बाद प्रधानमंत्री रामेश्वरम में तमिलनाडु में 8,300 करोड़ रुपये से ज्यादा लागत वाली विभिन्न रेल और सड़क परियोजनाओं की आधारशिला रखने के लिए रवाना हो गए। इन परियोजनाओं में राष्ट्रीय राजमार्ग 40 के 28 किलोमीटर लंबे वालाजापेट-रानीपेट खंड के फोन लेन कार्य और राष्ट्रीय राजमार्ग332 के 29 किलोमीटर लंबे विलुप्पुरम-पुदुचेरी खंड का फोरलेन कार्य का शिलान्यास भी शामिल है।