प्रधानमंत्री ने बिहार में 'नीतीश सेतु' का उद्घाटन किया, दी 34,470 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार के दौरे पर हैं। उन्होंने वैशाली जिले में 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इसमें गंगा नदी पर बना 6 लेन वाला 9.76 किलोमीटर लंबा पुल भी शामिल है। ये वैशाली के बिदुपुर ब्लॉक को पटना के बाहरी इलाके में स्थित कच्ची दरगाह से जोड़ेगा। इसे 'नीतीश सेतु' नाम दिया गया है। इस दौरान प्रधानमंत्री ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी मुलाकात की।
परियोजनाएं
राज्य को मिली ये सौगात
प्रधानमंत्री ने करीब 15,600 करोड़ रुपये की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के औरंगाबाद-चोरदाहा खंड, राष्ट्रीय राजमार्ग-227F के चोरमा-बैरगनिया खंड और राष्ट्रीय राजमार्ग-327 के उमगांव-सहरसा खंड का 6 लेन में निर्माण शामिल है।
उन्होंने 660 मेगावाट क्षमता वाली बक्सर ताप विद्युत परियोजना की यूनिट-2 का भी उद्घाटन किया।
उन्होंने नहरों और तटबंधों के पुनरुद्धार, कृषि, खेल और लोक प्रशासन भवनों और सुविधाओं का भी उद्घाटन किया।
आधारशिला
14,000 करोड़ रुपये की लागत वाली परियोजनाओं की रखी आधारशिला
प्रधानमंत्री ने 14,450 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी।
इनमें 3,800 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-139W के साहेबगंज-अरेराज-बेतिया खंड का 4 लेन में निर्माण प्रमुख है।
इसके अलावा पीरपैंती सुपर थर्मल पावर परियोजना के लिए लगभग 3,350 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली विद्युत निकासी परियोजना की भी आधारशिला रखी।
उन्होंने बेगूसराय, बिहारशरीफ, पूर्णिया, हाजीपुर, मोतिहारी, दानापुर, खगड़िया, समस्तीपुर, बोधगया, सीतामढ़ी और सहरसा से जुड़ी सीवरेज परियोजनाओं की भी आधारशिला रखी।
बस
100 ई बसों को भी दिखाई हरी झंडी
प्रधानमंत्री ने राज्य में स्वच्छ सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने और शहरी क्षेत्रों में परिवहन सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए 100 ई-बसों को भी हरी झंडी दिखाई।
साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 26,900 से अधिक लाभार्थियों का गृह प्रवेश समारोह भी आयोजित किया गया।
उन्होंने 1,243 एकड़ के इंडस्ट्रियल कॉरिडोर की आधारशिला भी रखी।
उन्होंने एक जनसभा को सभी संबोधित किया। इस दौरान जीविका दीदी समेत सैकड़ों लोग मौजूद थे।