LOADING...
प्रधानमंत्री मोदी ने मलेशियाई प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय बैठक की, दोनों देशों में ये हुए समझौते
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने मलेशियाई समकक्ष के साथ द्विपक्षीय बैठक की

प्रधानमंत्री मोदी ने मलेशियाई प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय बैठक की, दोनों देशों में ये हुए समझौते

लेखन आबिद खान
Feb 08, 2026
10:41 am

क्या है खबर?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 दिवसीय मलेशिया दौरे पर हैं। आज पेरदाना पुत्रा भवन में गार्ड ऑफ ऑनर के साथ उनका औपचारिक स्वागत किया गया। इसके बाद प्रधानमंंत्री मोदी ने मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ द्विपक्षीय बैठक की। इस दौरान दोनों देशों के बीच समझौता ज्ञापनों (MoU) समेत 11 दस्तावेजों का आदान-प्रदान किया गया। इनमें सेमीकंडक्टर, स्वास्थ्य सेवा, सुरक्षा सहयोग, शिक्षा और शांति स्थापना सहयोग जैसे मुद्दे शामिल हैं।

समझौते

दोनों देशों में हुए ये अहम समझौते

दोनों पक्षों ने 6 MoU पर हस्ताक्षर किए। इनमें ऑडियो-विजुअल सह-निर्माण, आपदा प्रबंधन सहयोग, भ्रष्टाचार से लड़ाई, संयुक्त राष्ट्र शांति रक्षा और सेमीकंडक्टर सहयोग शामिल है। इसके अलावा 4 महत्वपूर्ण दस्तावेज और रिपोर्ट प्रस्तुत की गईं, जिनमें मलेशिया में भारतीय नागरिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा पर एक ज्ञापन, व्यावसायिक प्रशिक्षण और शिक्षा पर सहयोग, सुरक्षा सहयोग पर विचारों का आदान-प्रदान और स्वास्थ्य सेवा सहयोग पर विचारों का आदान-प्रदान शामिल है।

UPI

मलेशिया में UPI शुरू होगा, नया वाणिज्य दूतावास खोलेगा भारत

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत का डिजिटल पेमेंट सिस्टम UPI जल्द ही मलेशिया में लॉन्च किया जाएगा। भारत जल्द ही मलेशिया के साबाह राज्य के कोटा किनाबालू में एक नया वाणिज्य दूतावास भी खोलेगा। मलेशिया में रहने वाली भारतीय नागरिकों के लिए ओवरसीज कार्ड की मान्यता छठी पीढ़ी तक बढ़ाई जाएगी। भारत इंडियन स्कॉलरशिर ट्रस्ट फंड के जरिए मलेशिया में रह रहे भारतीय छात्रों को वित्तीय मदद देती रहेगी।

Advertisement

बयान

भारत-मलेशिया किन क्षेत्रों में सहयोग मजबूत करेंगे?

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "सुरक्षा क्षेत्र में, हम आतंकवाद विरोधी अभियान, खुफिया जानकारी साझा करने और समुद्री सुरक्षा में सहयोग को मजबूत करेंगे। हम रक्षा सहयोग को भी अधिक व्यापक बनाएंगे। दोनों पक्ष AI, डिजिटल प्रौद्योगिकियों, सेमीकंडक्टर, स्वास्थ्य सेवा और खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग को और गहरा करेंगे। आज आयोजित CEO फोरम ने व्यापार और निवेश के नए अवसर खोल दिए हैं। हम रणनीतिक विश्वास के माध्यम से आर्थिक परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त करेंगे।"

Advertisement

प्रधानमंत्री का बयान

मलेशियाई प्रधानमंत्री बोले- भारत तेजी से तरक्की कर रहा

मलेशियाई प्रधानमंत्री इब्राहिम ने कहा, "भारत तेजी से तरक्की कर रहा है। यह उल्लेखनीय प्रगति देखकर अच्छा लगता है और आसियान के संदर्भ में मलेशिया को बहुत फायदा होगा अगर हम भारत के साथ सहयोग के और ज्यादा रास्ते और अवसर तलाश सकें। दोनों देश अब जितना संभव हो सके स्थानीय मुद्रा में व्यापार कर रहे हैं। बहुत से मलेशियाई छात्रों ने भारत से शिक्षा हासिल की है और अब मलेशिया में भी भारतीय छात्रों की संख्या बढ़ रही है।"

प्लस

न्यूजबाइट्स प्लस

प्रधानमंत्री मोदी का यह तीसरा और 2024 में दोनों देशों के संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर पर ले जाने के बाद पहले मलेशिया दौरा है। मलेशिया में लगभग 29 लाख भारतीय मूल की बड़ी आबादी रहती है। मलेशिया आसियान के भीतर भारत का तीसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। भारत भी मलेशिया के शीर्ष 10 वैश्विक व्यापारिक भागीदारों में शामिल है। आसियान और भारत की एक्ट ईस्ट नीति के लिए मलेशिया बेहद अहम है।

Advertisement