
प्रधानमंत्री मोदी क्रोएशिया पहुंचे: क्यों अहम है दौरा, किन मुद्दों पर होगी चर्चा?
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 3 देशों की अपनी यात्रा के आखिरी पड़ाव यानी क्रोएशिया पहुंच गए हैं। ये किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली क्रोएशिया यात्रा है।
वे कनाडा से क्रोएशिया की राजधानी जाग्रेब पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविच ने उनका स्वागत किया। वे हवाई अड्डे के बाहर ही भारतीय समुदाय के लोगों से भी मिले।
आइए जानते हैं दौरा कितना अहम है।
कार्यक्रम
कैसा रहेगा प्रधानमंत्री का दौरा?
प्रधानमंत्री का क्रोएशिया दौरा एक दिन का रहेगा। इस दौरान वे क्रोएशियाई प्रधानमंत्री प्लेंकोविच के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे। इसके अलावा वे राष्ट्रपति जोरोन मिलानोविच से भी मुलाकात करेंगे।
क्रोएशिया पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "मैं क्रोएशिया गणराज्य की अपनी यात्रा के लिए उत्सुक हूं। दोनों देशों के बीच सदियों पुराने घनिष्ठ सांस्कृतिक संबंध हैं। किसी भारतीय प्रधानमंत्री की क्रोएशिया की पहली यात्रा के रूप में, इससे आपसी हितों के क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग के नए रास्ते खुलेंगे।"
अहमियत
कितना अहम है दौरा?
क्रोएशिया यूरोपीय संघ (EU) का सदस्य है। प्रधानमंत्री की यात्रा भारत की यूरोपीय देशों के साथ साझेदारी बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा है।
भारत विशेष रूप से रक्षा, ऊर्जा और विज्ञान के क्षेत्र में इस यूरोपीय देश के साथ साझेदारी को मजबूत करना चाहता है।
क्रोएशिया बाल्कन क्षेत्र में स्थित है। यह यूरोप और पश्चिम एशिया के बीच सेतु है। यहां भारत की मौजूदगी से मध्य और पूर्वी यूरोप तक कूटनीतिक पहुंच के लिए अहम है।
संबंध
कैसे हैं भारत और क्रोएशिया के बीच संबंध?
1991 में क्रोएशिया की आजादी के अगले ही साल भारत ने इसे मान्यता दी थी। 1992 में ही दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंध स्थापित हुए।
2002 में तत्कालीन क्रोएशियाई राष्ट्रपति स्टेप्पन मेसिक ने भारत दौरा किया था। इसके बाद से लगातार उच्चस्तरीय दौरे होते रहे हैं। 2019 में तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद क्रोएशिया गए थे।
2021 में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने क्रोएशिया का दौरा किया था।
वहां करीब 17,000 भारतीय रहते हैं।
व्यापार
दोनों देशों में कितना व्यापार होता है?
वाणिज्य मंत्रालय के मुताबिक, 2024 में दोनों देशों के बीच 306 मिलियन डॉलर का द्विपक्षीय व्यापार हुआ था। इस दौरान क्रोएशिया ने भारत से 251.59 मिलियन डॉलर की वस्तुएं आयात कीं और भारत को 54.44 मिलियन डॉलर की वस्तुएं निर्यात कीं।
भारत क्रोएशिया को एल्युमीनियम, रसायन और उर्वरक, फार्मास्यूटिकल्स, मशीनरी, धातुएं, सिले-सिलाए वस्त्र, रबर और प्लास्टिक उत्पाद निर्यात करता है, जबकि प्लास्टिक और रबर मशीनरी, मापन और परीक्षण उपकरण, खाद्य उत्पाद और लकड़ी का आयात करता है।
दौरा
कनाडा में G-7 सम्मेलन में शामिल हुए प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री 15 जून को 3 देशों के आधिकारिक दौरे पर रवाना हुए थे। सबसे पहले वे साइप्रस पहुंचे थे, जहां उन्हें साइप्रस के सर्वोच्च सम्मान 'ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस III' से नवाजा गया था।
इसके बाद वे G-7 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए कनाडा पहुंचे। वहां उन्होंने कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी समेत कई वैश्विक नेताओं से मुलाकात की। आज सुबह ही वे क्रोएशिया के लिए रवाना हुआ थे।