टनल बोरिंग मशीन की आपूर्ति रोक सकता है चीन, मंत्री गोयल बोले- आत्मनिर्भरता से देगा करारा जवाब
वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल के अनुसार, अगर चीन टनल-बोअरिंग मशीन्स (TBMs) की सप्लाई रोक देता है, तो भारत इन्हें खुद बनाने के लिए तैयार है। दरअसल, चीन 18 नवंबर से TBMs के निर्यात के लिए लाइसेंस जरूरी करने जा रहा है।
ऐसे में, भारत अपनी अंडरग्राउंड मेट्रो जैसी बड़ी परियोजनाओं में कोई रुकावट नहीं चाहता। गोयल ने साफ कहा, "अगर वे हमें टनल-बोरिंग मशीन नहीं देंगे, तो हम इन्हें भारत में ही बनाएंगे। भारत दबाव में झुकने वाला नहीं है।"
भारतीय स्टार्टअप रेयर अर्थ-फ्री मोटर बना रहे हैं
गोयल ने यह जानकारी भी दी कि भारतीय स्टार्टअप पहले से ही रेयर अर्थ-फ्री मोटर्स जैसी तकनीक पर काम कर रहे हैं। ये मोटर्स उन उपकरणों के लिए बहुत अहम हैं, जहां रेयर अर्थ एलिमेंट्स का उपयोग होता है। इनमें इलेक्ट्रॉनिक्स और रक्षा उपकरण जैसे क्षेत्र शामिल हैं।
भारत जहां अहम क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है, वहीं गोयल को अब भी उम्मीद है कि चीन के साथ रिश्ते सुधर सकते हैं। लेकिन यह तभी मुमकिन होगा, जब कोई नई रुकावट न डाली जाए।