LOADING...
पीयूष गोयल ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर अफवाहों को किया खारिज, जानिए क्या कहा
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर अफवाहों को खारिज कर दिया है

पीयूष गोयल ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर अफवाहों को किया खारिज, जानिए क्या कहा

Feb 08, 2026
09:59 pm

क्या है खबर?

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भारत और अमेरिका के बीच हुए व्यापार समझौते में अमेरिका को कृषि संबंधी रियायतें दिए जाने के दावों को सिरे से खारिज करते हुए स्पष्टीकरण दिया है। उन्होंने दावा किया कि समझौते में किसानों और उत्पादकों के हितों की 100 प्रतिशत रक्षा की गई है। उन्होंने समझौते में संप्रभुता को छोड़ने के दावों को 'बकवास' करार देते हुए ऐसा कहने वाले लोगों को 'काफी अज्ञानी' करार दिया है।

बयान

गोयल ने क्या दिया बयान?

गोयल ने रविवार (8 फरवरी) को संवेदनशील मुद्दों पर समझौता करने की धारणाओं को खारिज किया और कुछ राजनीतिक तत्वों पर तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश कर किसानों को गुमराह करके विरोध प्रदर्शन भड़काने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "समझौते में वस्तुओं, सेवाओं और गैर-कृषि क्षेत्रों में संतुलित बातचीत हुई, जहां दोनों देशों ने भारत की लक्ष्मण रेखाओं से समझौता किए बिना आक्रामक और रक्षात्मक प्राथमिकताओं के बीच संतुलन बनाए रखा।"

दावा

भारत के संवेदनशील उत्पादों पर नहीं दी कोई रियायत- गोयल

गोयल ने संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) और उसके अलग हुए गुट द्वारा राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन की योजना के विरोध में लगाए जा रहे आरोपों का खंडन करते हुए कहा, "हमने भारत के संवेदनशील उत्पादों में शामिल सोयाबीन, मक्का, मुर्गी पालन, अनाज, चीनी, फल, दाल, तिलहन, पशु आहार, गैर-मादक पेय पदार्थ, आटा, स्टार्च, आवश्यक तेल, ईंधन इथेनॉल या तंबाकू पर अमेरिका को कोई रियायत नहीं दी है और न ही कोई छूट दी है।"

Advertisement

उदाहरण

गोयल ने समझौते को बताया 'लेबर ऑफ लव'

गोयल ने कहा, "यह समझौता 'लेबर ऑफ लव' है, जिसका अर्थ है ऐसा कार्य जो पूरे दिल और कड़ी मेहनत से किया जाए, जिसमें किसी प्रकार की कोई मजबूरी न हो।" उन्होंने बताया कि यह समझौता भारत-अमेरिका के बीच लंबे समय से चली आ रही रणनीतिक साझेदारी को और अधिक सशक्त करेगा। यह बातचीत और मोलभाव की प्रक्रिया के बाद निकला एक अच्छा समझौता है, जो दोनों देशों के हितों और उनकी ताकत वाले क्षेत्रों में नए अवसर पैदा करेगा।

Advertisement

जानकारी

भारत-अमेरिका के बीच लगातार बढ़ रहा विश्‍वास

गोयल ने भारत और अमेरिका या दोनों देशों के नेताओं के बीच किसी भी तरह की भरोसे की कमी को खारिज करते हुए कहा कि दोनों देश आपसी विश्वास और सहयोग से लगातार आगे बढ़ रहे हैं। यह साझेदारी भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है।

Advertisement