आयकर विभाग के नाम पर 6,000 रुपये का फर्जी नोटिस, PIB ने किया अलर्ट
पत्र सूचना कार्यालय (PIB) फैक्ट चेक टीम ने एक फर्जी नोटिस को लेकर लोगों को सचेत किया है। यह नोटिस खुद को इनकम टैक्स विभाग का बता रहा है। यह फर्जी नोटिस लोगों से 6,000 रुपये जमा करने को कह रहा है और साथ ही उनकी निजी वित्तीय जानकारी चुराने की फिराक में है। अधिकारियों ने साफ किया है कि यह सिर्फ लोगों को फंसाने के लिए फिशिंग का एक तरीका है, इसलिए ऐसे झांसे में न आएं।
संदिग्ध ईमेल PIB को रिपोर्ट करें
विभाग ने साफ-साफ कहा है कि वे ईमेल के जरिए कभी भी किसी की भी संवेदनशील वित्तीय जानकारी नहीं मांगते। अगर आपको ऐसा कोई संदिग्ध ईमेल या मैसेज मिलता है, तो उस पर क्लिक न करें और न ही उसका जवाब दें, बल्कि तुरंत उसकी रिपोर्ट करें। इसकी रिपोर्ट आप व्हाट्सऐप नंबर +91 8799711259 पर या ईमेल आईडी factcheck@pib.gov.in पर भेज सकते हैं। अपनी सुरक्षा के लिए हमेशा अपने एंटीवायरस को अपडेटेड रखें और ऑनलाइन कोई भी जानकारी साझा करने से पहले ठीक से जांच-परख जरूर कर लें।