सियांग परियोजना विवाद: मुख्यमंत्री खांडू बोले- बिना बातचीत, एक इंच जमीन भी नहीं लेंगे
अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने उन दावों को सिरे से खारिज कर दिया है जिनमें कहा जा रहा था कि सिआंग अपर मल्टीपर्पज प्रोजेक्ट (SUMP) के लिए लोगों को जबरन हटाया जाएगा।
उन्होंने साफ किया कि अभी तक कुछ भी तय नहीं हुआ है और वादा किया कि राज्य सरकार या केंद्र सरकार कोई भी फैसला लेने से पहले लोगों के साथ लंबी और गहरी बातचीत करेगी। यह बयान ऐसे समय में आया है, जब गांवों के डूबने के डर से विरोध प्रदर्शन लगातार तेज हो रहे हैं।
परियोजना के विरोध में लगातार प्रदर्शन
कई स्थानीय लोग, खासकर आदि समुदाय के लोग अपने घर और जमीन छिन जाने की चिंता में हैं। पिछले कुछ महीनों में कई प्रदर्शन हिंसक हो चुके हैं।
इस बीच खांडू ने SUMP के रणनीतिक महत्व पर जोर दिया, खासकर इसलिए क्योंकि चीन ने नदी के ऊपरी हिस्से में एक बांध बनाया है जिससे भारत में पानी के बहाव पर असर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि आगे कोई भी कदम पूरी पारदर्शिता के साथ उठाया जाएगा और सभी की बात सुनी जाएगी।