
इंडिगो की दिल्ली-चेन्नई फ्लाइट में यात्री ने की इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश, आरोपी हिरासत में
क्या है खबर?
दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की फ्लाइट के एक यात्री पर इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश करने का आरोप लगा है। इस दौरान विमान में हड़कंप मच गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी यात्री की पहचान मणिकन के रूप में की गई है। वह इंडिगो की 6E 6341 फ्लाइट में सवार होकर दिल्ली से चेन्नई जा रहा था।
आरोपी को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) कौ सौंप दिया गया है। मामले में इंडिगो शिकायत दर्ज कराएगी।
घटना
जुलाई में भी हुई थी ऐसी घटना
विमान में इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश का मामला पहले भी सामने आ चुका है। इससे पहले 8 जुलाई को इंडिगो की हैदराबाद-दिल्ली फ्लाइट में यह घटना हो चुकी है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, विमान के उड़ान भरने के दौरान यात्री ने इमरजेंसी गेट खोल दिया था। तभी चालक दल के सदस्यों ने यात्री को देखा तो गेट बंद किया गया और यात्री के खिलाफ शिकायत की गई। बाद में उसे हिरासत में लिया गया था।
चर्चा
भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या भी खोल चुके हैं विमान का इमरजेंसी गेट
बेंगलुरु से भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या पर भी इंडिगो विमान का इमरजेंसी गेट खोलने का आरोप लग चुका है, जिस पर उन्होंने माफी भी मांगी थी।
पिछले साल 10 दिसंबर को चेन्नई से तिरुचिरापल्ली जाने वाले इंडिगो फ्लाइट का इमरजेंसी गेट सूर्या ने तब खोल दिया था, जब वह जमीन पर था। हालांकि, उन्होंने यह जानकारी चालक दल के सदस्यों को दी थी और माफी मांगी थी।
मामले पर बड़ा राजनीतिक विवाद हुआ था।