चलते विमान से कूदा यात्री, हवाई अड्डे पर मचा हड़कंप! वजह जान चौंक जाएंगे
शारजाह से चेन्नई आ रही एयर अरेबिया की फ्लाइट में एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है। चेन्नई एयरपोर्ट पर विमान के रनवे पर टैक्सी करते समय एक यात्री ने अचानक आपातकालीन दरवाजा खोल दिया और विमान से नीचे कूद गया। इस वाकये के बाद थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई और विमान को भी कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
यात्री ने क्यों खोला आपातकालीन दरवाजा?
सामने आई जानकारी के मुताबिक, उड़ान के दौरान उस यात्री को 2 बार उल्टी हुई थी। इसी वजह से अधिकारियों को आशंका है कि शायद उसने तबीयत ठीक न लगने की वजह से ऐसा किया होगा। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत उस शख्स को पकड़ लिया और आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंप दिया। पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच कर रही है कि आखिर यह सब कैसे हुआ। वहीं, हवाई अड्डा प्रबंधन ने भी विमानन सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के इस मामले की जांच शुरू कर दी है।