NEET UG अब ऑनलाइन मोड में? संसदीय समिति ने दिया सुझाव
NEET UG की परीक्षा में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। एक संसदीय समिति ने सुझाव दिया है कि यह परीक्षा पूरी तरह कंप्यूटर आधारित हो और JEE Main की तरह इसे भी कई शिफ्टों में आयोजित किया जाए। ऐसा इसलिए ताकि हर साल 20 लाख से ज्यादा छात्रों के लिए परीक्षा का आयोजन और भी आसान व सुरक्षित हो सके। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने भरोसा दिलाया है कि अगर सरकार की मंजूरी मिलती है, तो इन बदलावों को पूरी सुरक्षा के साथ लागू किया जाएगा।
NTA ने कहा- अलग-अलग प्रवेश परीक्षाएं व्यावहारिक नहीं
पहले MBBS, आयुष और नर्सिंग कोर्सों के लिए अलग-अलग प्रवेश परीक्षाएं कराने की बात भी उठी थी, लेकिन NTA का कहना है कि यह ठीक नहीं होगा, क्योंकि इन सभी में एडमिशन NEET के स्कोर पर ही होता है। समिति ने यह भी जोर देकर कहा कि पूरी तरह डिजिटल होने से पहले देश के हर कोने में अच्छा इंटरनेट कनेक्शन सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि कोई भी छात्र इसकी वजह से पीछे न रह जाए। इस पूरे मामले पर अंतिम फैसला केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ही लेगा, जिसका मकसद इस प्रक्रिया को छात्रों के लिए ज्यादा निष्पक्ष और तनाव-मुक्त बनाना है।