LOADING...
पणजी के कांग्रेस विधायक और मेयर पर महिला से छेड़छाड़ का आरोप, केस दर्ज

पणजी के कांग्रेस विधायक और मेयर पर महिला से छेड़छाड़ का आरोप, केस दर्ज

Jun 01, 2019
02:36 pm

क्या है खबर?

गोवा की पणजी विधानसभा सीट से नव-निर्वाचित कांग्रेस विधायक एटानेसियो मोन्सेरात और शहर के मेयर उदय मडकाईकर समेत तीन लोगों पर महिला से छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया है। इन पर आरोप है कि मंडोवी नदी के किनारों से अतिक्रमण हटाने के एक अभियान के दौरान इन्होंने महिला के साथ छेड़छाड़ की है। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को नगर पालिका के कर्मचारी अतिक्रमण हटाने गए थे। इनके साथ मोन्सेरात, उदय और पणजी के पूर्व मेयर भी गए थे।

आरोप

महिला का आरोप- मिली जान से मारने की धमकी

अतिक्रमण हटाने के इस अभियान का कुछ लोग विरोध कर रहे थे। इनमें से एक महिला ने अपनी शिकायत में कहा कि मोन्सेरात, उदय और पणजी के पूर्व मेयर उदय पारेख ने उसे गलत तरीके से छुआ, उससे बदसलूकी और छेड़छाड़ की। पुलिस ने बताया कि महिला ने अपनी शिकायत में यह भी कहा है कि आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस ने अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी

विधायक ने किया आरोपों से इनकार

मोन्सेरात से जब इन आरोपों पर प्रतिक्रिया मांगी गई तो उन्होंने कहा कि ऐसा कोई वाकया नहीं हुआ था। उन्होंने कहा कि वह काम की देखरेख के लिए मौके पर जरूर थे, लेकिन ऐसी कोई घटना नहीं हुई।

Advertisement

पणजी

मनोहर पर्रिकर की परंपरागत सीट से विधायक हैं मोन्सेरात

पणजी दिवंगत मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर की परंपरागत सीट रही है। पर्रिकर के निधन के बाद खाली हुई इस सीट पर उपचुनाव में मोन्सेरात ने जीत हासिल की है। 25 सालों में पहली बार भाजपा को इस सीट पर हार का मुंह देखना पड़ा है। मोन्सेरात ने भाजपा उम्मीदवार सिद्धार्थ कुनकालेंकर को 1,758 मतों से हराया। पर्रिकर पहली बार 1994 में यहां से विधायक बने थे और 2014 में मोदी मंत्रिमंडल में शामिल होने तक यहां से विधायक रहे।

Advertisement