SCO बैठक में आए पाकिस्तानी मंत्री मलिक देखना चाहते थे ताजमहल, केंद्र ने नहीं दी अनुमति
क्या है खबर?
पाकिस्तान के जलवायु पर्यावरण मंत्री मुसादिक मसूद मलिक शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की बैठक के लिए दिल्ली आए हैं, लेकिन उनको अन्य जगह जाने की अनुमति नहीं मिली है। बताया जा रहा है कि मलिक ने आगरा का ताजमहल और दिल्ली में हजरत निजामुद्दीन दरगाह जाने की इजाजत मांगी थी, लेकिन सरकार ने उनको सिर्फ SCO सिविलाइजेशन डायलॉग फोरम में शामिल होने का वीजा दिया है। बता दें, मलिक के पहले के बयान को लेकर भारत में लोग नाराज हैं।
दौरा
पाकिस्तान सरकार ने तय किया है मलिक का नाम
भारत ने SCO बैठक के लिए पाकिस्तान के राष्ट्रीय विरासत और सांस्कृतिक मंत्री औरंगजेब खान खिची को बुलाया था, लेकिन पाकिस्तानी सरकार ने मलिक को नामित किया है।
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को बताया था कि मलिक इस फोरम में देश को रिप्रेजेंट करेंगे और इंटर-सिविलाइज़ेशनल बातचीत पर इस्लामाबाद का नजरिया साझा करेंगे।
पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल भी फोरम के थीमैटिक सेशन में हिस्सा लेगा और दूसरे SCO सदस्य देशों के प्रतिनिधियों से बातचीत करेगा।
मलिक भारत पहुंच चुके हैं।
बयान
मलिक ने भारत को लेकर क्या कहा था?
भारत के साथ सिंधु जल विवाद के बीच मलिक ने जून 2026 में सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था, "एक पड़ोसी देश के प्रधानमंत्री एक नल को कंट्रोल कर रहे हैं। वह कहते हैं कि वह पाकिस्तान में पानी की एक बूंद भी नहीं जाने देंगे। हम अपनी रक्षा खुद करेंगे। हमने यह साबित कर दिया है कि अगर कोई हमारे हिस्से के पानी पर हाथ उठाएगा, तो हम उसका हाथ काट देंगे।"
जानकारी
क्यों नहीं दी गई मंजूरी?
सरकार की ओर से अभी इस विषय पर कोई साफ जवाब नहीं आया है, लेकिन बताया जा रहा है कि वीजा केवल SCO बैठक के लिए दिया गया है। इसके अलावा सुरक्षा से जुड़े मुद्दे होने के कारण उनको अनुमति नहीं दी जा सकती है।