स्वतंत्रता दिवस से पहले पंजाब में ISI समर्थित पेट्रोल बम हमलों की योजना का खुलासा- रिपोर्ट
क्या है खबर?
स्वतंत्रता दिवस से पहले पंजाब में पाकिस्तान की सैन्य खुफिया एजेंसी इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) हमले की योजना बना रही है, जिसमें पेट्रोल बम को एक प्रमुख नए हथियार के रूप में उभारा जा रहा है। यह जानकारी ऐसे समय पर आई है, जब 26 जुलाई को तड़के 2 बदमाशों ने संगरूर स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंके थे। हालांकि, इससे ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। पंजाब पुलिस ने इस हमले के पीछे पाकिस्तान की साजिश बताई है।
साजिश
गैंगस्टर शहजाद भट्टी के इशारे पर हुआ भाजपा कार्यालय पर हमला
इंडियन एक्सप्रेस ने पंजाब पुलिस के हवाले से बताया कि भाजपा कार्यालय पर यह हमला पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर शहजाद भट्टी के निर्देश पर किया गया था, जो ISI के आदेश पर काम कर रहा था।
इसका उद्देश्य राज्य में कानून व्यवस्था और सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ना है।
पंजाब पुलिस ने बताया कि निशाने पर पुलिस, रक्षा प्रतिष्ठान, दक्षिणपंथी दलों के कार्यालय, नेता, रेलवे, महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचें और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर भी खतरा है।
साजिश
ISI एजेंटों के जरिए हमले की कर रहा तैयारी- पुलिस
पंजाब पुलिस ने खुलासा किया है कि ISI अपने एजेंटों के माध्यम से सीधे हमले करने की तैयारी कर रहा है, जो खालिस्तान समर्थक संगठनों के वेश में काम करेंगे।
खालिस्तान समर्थक आतंकवादी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) और विदेश से संचालित होने वाले अंतरराष्ट्रीय संगठित आपराधिक नेटवर्क को इन अभियानों के लिए उपकरण मिलने की आशंका है।
बता दें कि पेट्रोल बम को आसानी से निर्मित होने वाला और फिर भी आतंक फैलाने में अत्यधिक प्रभावी बताया गया है।