Page Loader
जम्मू-कश्मीर में LoC पर पाकिस्तान ने संघर्ष विराम का उल्लंघन किया, BSF जवान घायल
जम्मू-कश्मीर में LoC पर पाकिस्तान ने संघर्ष विराम का उल्लंघन किया (प्रतीकात्मक: एक्स/@BSF_Hero)

जम्मू-कश्मीर में LoC पर पाकिस्तान ने संघर्ष विराम का उल्लंघन किया, BSF जवान घायल

लेखन गजेंद्र
Sep 11, 2024
11:57 am

क्या है खबर?

जम्मू-कश्मीर में बुधवार को नियंत्रण रेखा (LoC) पर पाकिस्तानी सेना ने संघर्ष विराम का उल्लंघन किया, जिसमें सीमा सुरक्षा बल (BSF) का एक जवान घायल हुआ है। समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, भारतीय सैनिकों ने LoC के दूसरी ओर से बिना उकसावे के की गई गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया और पाकिस्तानी रेंजर्स को हिला दिया। अभी दूसरी ओर से किसी के हताहत होने या घायल होने की तत्काल कोई खबर नहीं आई है।

गोलीबारी

सीमा पर अलर्ट जारी किया गया

BSF के एक प्रवक्ता ने बताया कि बुधवार तड़के करीब 2.35 बजे अखनूर इलाके में सीमा पार से बिना उकसावे के गोलीबारी की घटना हुई, जिसका BSF ने भी जवाब दिया। उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी हमले के बाद अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर भारतीय सैनिकों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। गोलीबारी में घायल BSF जवान की पहचान सामने नहीं आई है। यह संघर्ष विराम उल्लंघन पिछले साल के बाद अब हुआ है। हालांकि, इसमें कमी आई है।

संघर्ष विराम

2021 के बाद से संघर्ष विराम उल्लंघन की घटनाओं में आई है कमी

पिछले साल रामगढ़ सेक्टर में पाकिस्तानी गोलीबारी में तीन साल से अधिक समय में भारतीय पक्ष की ओर से पहला नुकसान हुआ, जिसमें BSF का एक जवान शहीद हो गया था। दोनों देशों द्वारा संघर्ष विराम समझौतों का नवीनीकरण करने के बाद वर्ष 2021 के बाद से संघर्ष विराम उल्लंघन की घटनाएं बहुत कम रही हैं। पाकिस्तानी सेना ने अब ऐसे समय पर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है, जब जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल मची हुई है।