पश्चिम बंगाल में BJP नेता सुवेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ दत्त की गोली मारकर हत्या
क्या है खबर?
पश्चिम बंगाल के मध्यमग्राम इलाके में बुधवार रात भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ दत्त की गोली मारकर हत्या कर दी गई। रिपोर्ट के अनुसार, हमलावरों ने उनकी कार को रोककर बेहद करीब से फायरिंग की। शुरुआती जानकारी के अनुसार, कम से कम चार गोलियां चलाई गईं। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। इस वारदात के बाद राज्य की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है।
घटना
कार का पीछा कर हमलावरों ने की फायरिंग
दत्त अपनी कार से जा रहे थे, तभी कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी का पीछा करना शुरू किया। जैसे ही उनकी कार धीमी हुई, हमलावरों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। दत्त के सीने और सिर में गोली लगने की बात सामने आई है। गंभीर हालत में उन्हें पास के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस अब हमलावरों की पहचान और वारदात की वजह पता लगाने में जुटी हुई है।
सुरक्षा
अस्पताल के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना के बाद अस्पताल के बाहर भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है और इलाके में लगातार निगरानी रखी जा रही है। भाजपा नेता सुवेंदु के भी अस्पताल पहुंचने की संभावना है। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। अभी तक हमलावरों की संख्या और पूरी घटना का क्रम साफ नहीं हो पाया है, लेकिन पुलिस कई एंगल से मामले की जांच कर रही है।
तनाव
राजनीतिक माहौल में बढ़ सकता है तनाव
यह घटना ऐसे समय हुई है जब पश्चिम बंगाल में हाल के विधानसभा चुनाव के बाद राजनीतिक माहौल पहले से ही काफी गर्म बना हुआ है। भाजपा की बड़ी जीत के बाद राज्य में कई हिंसक घटनाएं सामने आ चुकी हैं। दत्त की हत्या के बाद राजनीतिक तनाव और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और हमलावरों तक पहुंचने की कोशिश जारी है।