केरल में 40 डिग्री के पार पहुंचा तापमान, घरों में सांपों ने जमाया डेरा
केरल में इन दिनों भीषण लू पड़ रही है, जहा तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया है। यह गरम मौसम सिर्फ बेचैनी ही नहीं बढ़ा रहा, बल्कि इसकी वजह से सांप के काटने के मामले भी बढ़ गए हें और लू लगने से एक व्यक्ति की जान भी चली गई है। मुख्यमंत्री ने लोगों से सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच घरों में रहने की अपील की है, ताकि वे सुरक्षित रह सकें।
केरल में सांप घरों में घुस रहे हें, काटने की घटनाएं सामने आ रही हें
तेज धूप से जमीन इतनी गर्म हो रही है कि सांप गर्मी से बचने के लिए घरों में घुस रहे हें। इसी वजह से लोगों का सांपों से ज्यादा सामना हो रहा है, जो कई बार जानलेवा साबित हो रहा है। हाल ही में 2 भाई-बहन सोते हुए सांप के काटने से घायल हो गए, वहीं एक बच्चे की जान भी चली गई। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि थ्रिशूर में एक घर के अहाते में कई छोटे सांप मिले हें। अधिकारियों का मानना है कि गरम मौसम और उनका प्रजनन काल, दोनों ही सांपों को इंसानों के करीब ला रहे हें। साथ ही घरों के पास मिलने वाले चूहे भी सांपों को अपनी ओर खींच सकते हें।