लद्दाख ने रचा इतिहास, 8 महीने में 4 लाख पार पहुंची पर्यटकों की संख्या
लद्दाख के लिए यह साल पर्यटन के लिहाज से बहुत शानदार रहा है। जनवरी से अगस्त के बीच यहां 4 लाख से ज्यादा पर्यटक पहुंचे हैं। यह पिछले साल की तुलना में 50 फीसदी से भी ज्यादा की बढ़ोतरी है। इन 8 महीनों में ही पर्यटकों की यह संख्या पिछले साल के पूरे आंकड़े को भी पार कर गई है, जिससे पता चलता है कि लद्दाख अब कितना लोकप्रिय हो गया है।
अगस्त में आया 65.38 प्रतिशत का उछाल
सिर्फ अगस्त महीने की बात करें, तो पर्यटकों की संख्या में 65.38 फीसदी का बड़ा उछाल देखा गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने के विजन और केंद्र सरकार के लगातार बुनियादी ढांचे के विकास पर जोर देने के साथ-साथ लद्दाख की पर्यटन-हितैषी नीतियों ने इसमें अहम भूमिका निभाई है। विदेश से आने वाले यात्रियों की संख्या भी बढ़ी है। इस साल अब तक 33,346 विदेशी पर्यटक लद्दाख आ चुके हैं, जो पिछले साल के मुकाबले 32.95 फीसदी ज्यादा है।