पालघर में जलप्रलय: 1 लाख से ज्यादा लोग फंसे, रेड अलर्ट के बीच ठप जनजीवन
बुधवार से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक लाख से ज्यादा लोग फंस गए हैं। दहानु और तालसारी इलाके इससे सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। नजदीकी बांधों के ओवरफ्लो होने और पानी छोड़े जाने के बाद बाढ़ का पानी काफी तेज से बढ़ गया है। मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है, इसी के चलते गुरुवार को स्कूल और कॉलेज बंद रखने पड़े।
पालघर में ठप हुई परिवहन व्यवस्था
हालात को देखते हुए NDRF की टीमें तुरंत निचले इलाकों में पहुंचीं और लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया। मनोर रोड और बोईसर रोड जैसी कई मुख्य सड़कें पानी में पूरी तरह डूब गईं, जिसके कारण आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई।
घोलवड और उमर्गांव के बीच रेल पटरियों पर पानी भर जाने की वजह से रेल सेवा भी ठप पड़ गई। इसकी वजह से 6 लंबी दूरी की ट्रेनों को रद्द करना पड़ा। स्थानीय पुलिस के साथ-साथ वहां के निवासियों ने भी मिलकर मोर्चा संभाला और कई फंसे हुए बस यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसी दौरान एक पुलिस कांस्टेबल बाढ़ के तेज बहाव में बह गया था, लेकिन अच्छी बात यह रही कि किसी तरह वो सुरक्षित बच निकला।