दिल्ली: लाखों वोटर लिस्ट से लापता, फिर भी नए नाम जुड़वाने में क्यों बेरुखी?
दिल्ली में वोटर लिस्ट अपडेट करने का काम बड़े पैमाने पर चल रहा है, लेकिन इसमें लोगों की खास दिलचस्पी नहीं दिख रही। 31 अगस्त से 27 अक्टूबर के बीच नए नाम जुड़वाने के लिए सिर्फ 2,71,639 'फॉर्म 6' के आवेदन मिले हैं।
गौर करने वाली बात ये है कि 31 अगस्त को जारी की गई शुरुआती लिस्ट से 47,56,722 मतदाताओं को बाहर कर दिया गया था। यदि आप अपनी वोटर लिस्ट में अपनी स्थिति देखना चाहते हैं या कोई सुधार करवाना चाहते हैं, तो आपके पास 30 अक्टूबर तक दावे या आपत्तियां दर्ज करने का मौका है।
वेस्ट दिल्ली में हुए सबसे ज्यादा 33,377 रजिस्ट्रेशन
नए वोटर रजिस्ट्रेशन के आवेदनों की बात करें तो वेस्ट दिल्ली सबसे आगे है, जहां 33,377 आवेदन मिले हैं। इसके बाद नॉर्थ वेस्ट दिल्ली (27,341), ईस्ट दिल्ली (26,212), साउथ ईस्ट दिल्ली (26,054) और नॉर्थ ईस्ट दिल्ली (25,973) का नंबर आता है।
इसी दौरान, हजारों लोगों ने अपने वोटर कार्ड में सुधार करवाने के लिए भी आवेदन दिए हैं। ऐसे 'फॉर्म 8' के कुल 1,02,149 आवेदन मिले हैं। एक अच्छी खबर यह भी है कि इस संशोधन प्रक्रिया के दौरान जितनी भी गड़बड़ियों के नोटिस भेजे गए थे, उनमें से लगभग सभी को अब तक सुलझा लिया गया है। वोटर लिस्ट की अंतिम और अपडेटेड सूची 4 दिसंबर को जारी की जाएगी।