देश में 50 रुपये किलो के पार पहुंची प्याज की कीमत, सरकार ने संभाली कमान
देश
देश के कई शहरों में प्याज की कीमतें 50 रुपये प्रति किलो का आंकड़ा पार कर गई हैं। बढ़ती कीमतों को काबू में करने के लिए सरकार ने दखल दिया है। सरकार ने फैसला किया है कि सितंबर से प्याज का बफर स्टॉक चरणबद्ध तरीके से बाजार में उतारा जाएगा। इसका मकसद खास तौर पर त्योहारों और शादी-ब्याह के सीजन में प्याज के दाम स्थिर रखना है।
सरकार खरीदेगी 2 लाख टन प्याज
इस कदम का उद्देश्य नवंबर में नई खरीफ की प्याज बाजार में आने तक आपूर्ति की कमी को पूरा करना है। खासकर दुर्गा पूजा जैसे त्योहारों में प्याज की मांग काफी बढ़ जाती है। पिछले साल के मुकाबले प्याज के दाम 22.2 प्रतिशत ऊपर गए हैं, वहीं पिछले महीने ही थोक भाव में 30.3 प्रतिशत की भारी उछाल देखने को मिली थी। इस स्थिति से निपटने के लिए सरकार ने 2 लाख टन प्याज खरीदने का फैसला किया है और किसानों के लिए खरीद की कीमत भी बढ़ा दी है।