मणिपुर में हिंसा: गोलीबारी के बाद जलाया बच्चों का स्कूल, शिक्षा का भविष्य दांव पर
देश
मणिपुर के कंगपोकपी जिले के एक गांव में सोमवार सुबह हथियारबंद गुटों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ हुई। यह गोलीबारी करीब आधे घंटे तक चली। अच्छी बात यह रही कि इसमें कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन आरोप है कि वहां से भागने से पहले हमलावरों ने एक प्राथमिक स्कूल में आग लगा दी। आग लगने से स्कूल जलकर खाक हो गया।
स्कूल जलने से इलाके में शिक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ीं
स्कूल के जलने से इस संघर्ष-प्रभावित इलाके में बच्चों की शिक्षा को लेकर नई चिंताएं पैदा हो गई हैं। इस मामले में पुलिस और प्रशासन के अधिकारी जांच में जुट गए हैं। यह घटना मणिपुर के एक दूसरे हिस्से में उग्रवादियों के खिलाफ कुछ दिन पहले हुई एक बड़ी सुरक्षा कार्रवाई के तुरंत बाद सामने आई है। इससे पूरे क्षेत्र में अभी भी तनाव का माहौल बना हुआ है।