ओडिशा में बुजुर्गों की अटकी पेंशन पर खुशखबरी, 20 लाख से ज्यादा लाभार्थियों को 3,500 रुपये तक मिलेंगे
ओडिशा सरकार ने बताया है कि वह अक्टूबर 2026 तक 20.33 लाख लाभार्थियों की सभी रुकी हुई पेंशन का भुगतान कर देगी। राज्य के सामाजिक सुरक्षा और दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री नित्यानंद गोंड ने जानकारी दी कि इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत भुगतान में कुछ तकनीकी समस्याएं आ गई थीं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इन समस्याओं को तेजी से दूर करने का काम चल रहा है।
लाभार्थियों को कितने रुपये मिलेंगे
योजना के तहत बुजुर्गों को हर महीने आर्थिक सहायता दी जाती है। 60 से 79 साल के बुजुर्गों को 1,000 रुपये, जबकि 80 साल या उससे ज्यादा उम्र वालों को 3,500 रुपये मिलते हैं। भुगतान में हुई हालिया देरी को लेकर विपक्षी दलों ने सवाल उठाए थे, लेकिन अधिकारियों ने बताया कि वे वित्त विभाग और केंद्र सरकार के विभागों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं, जिससे सभी लाभार्थियों को जल्द से जल्द उनका पैसा मिल सके।